FIFA Ranking में भारतीय फुटबॉल का शर्मनाक रिकॉर्ड, 9 साल की मेहनत पर फिरा पानी! फैंस मायूस
FIFA Ranking: भारतीय फुटबॉल टीम के लिए जुलाई 2025 का महीना बेहद निराशाजनक रहा। ताज़ा फीफा रैंकिंग में भारत को छह स्थान की गिरावट के साथ अब 133वें स्थान पर रखा गया है। यह भारत की पिछले नौ सालों की सबसे खराब रैंकिंग है। इससे पहले भारत दिसंबर 2016 में 135वें स्थान पर था। लंबे समय बाद फुटबॉल में भारत के नाम ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।
लगातार मिली हार से बिगड़ी स्थिति (FIFA Ranking)
इस गिरावट का मुख्य कारण पिछले महीने खेले गए दो मैचों में भारत को मिली हार को माना जा सकता है। पहले भारत को एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ 0-2 से हार मिली। इसके बाद एशियन कप क्वालिफायर के एक अहम मुकाबले में भारत हॉन्गकॉन्ग से 0-1 से हार गया। इस हार के बाद भारत के कोच मैनोलो मार्केज़ ने पद छोड़ दिया।

एशियन कप में क्वालिफाई करने की उम्मीदों को झटका
इन हारों ने भारत की 2027 एशियन कप में क्वालिफाई करने की उम्मीदों पर भी बड़ा असर डाला है। भारत अपने ग्रुप में अभी तक दो मैचों से केवल एक अंक ही हासिल कर पाया है और ग्रुप में सबसे नीचे है। ऐसे में टीम को अब अगले मुकाबलों में सिंगापुर (होम और अवे), बांग्लादेश (अवे) और हॉन्गकॉन्ग (होम) से भिड़ना है, जो आसान नहीं होंगे।
सुनील छेत्री भी रहे हैं फ्लॉप
भारत की अब तक की सर्वश्रेष्ठ फीफा रैंकिंग 94वीं थी, जो फरवरी 1996 में मिली थी। फिलहाल भारत के पास 1113.22 रेटिंग अंक हैं और वह एशिया के 46 देशों में 24वें स्थान पर है। साल 2025 में भारत ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें से केवल एक जीता, एक ड्रॉ खेला और दो हारे। स्टार खिलाड़ी सुनील छेत्री की वापसी के बावजूद टीम का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा है।
अब भारत की नजरें अक्टूबर में होने वाले सिंगापुर के खिलाफ क्वालिफायर मुकाबले पर हैं। यदि भारत यह मैच जीतता है तो वह एशियन कप में क्वालिफाई करने की उम्मीदें फिर से जगा सकता है। लेकिन इसके लिए टीम को हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications