फीफा वर्ल्ड कप में ROUND of 16 मैचों का शेड्यूल और टाइमिंग, गजब की लीग स्टेज के बाद नॉकआउट दौर शुरू
फीफा वर्ल्ड कप 2022 ने गजब की लीग स्टेज देखी जहां पर एशियाई और अफ्रीकी टीमों ने बड़ी टीमों को चौंकाने और धूल चटाने में कामयाबी हासिल की। अब 3 दिसबंर से 16 टीमों के बीच नॉकआउट राउंड शुरू हो रहा है।

फीफा विश्व कप 2022 की ग्रुप स्टेज 47 मैचों में इतने उतार-चढ़ाव भरी साबित हुई कि विश्व कप का मेजबान कतर जैसा देश होने का विवाद किनारे हो गया और पूरा फोकस फुटबॉल पर शिफ्ट हो गया। उलटफेर वाले इस लीग चरण का समापन भी शुक्रवार, 2 दिसंबर को धमाके के साथ हुआ। इस दौरान एशियाई टीमों ने इतिहास रचा जबकि अफ्रीकी टीमों ने साबित कर दिया कि उनको हल्के में कभी नहीं लिया जा सकता।
दिलचस्प फैक्ट यह भी रहा कि 1994 के बाद पहली बार किसी भी टीम ने तीनों ग्रुप गेम नहीं जीते। 4 बार का चैंपियन जर्मनी लगातार दूसरी बार ग्रुप स्टेज से चलता बना। 2018 में रूस में सेमी-फाइनलिस्ट, बेल्जियम की टीम भी कतर में फ्लॉप साबित हुई। तो वहीं कतर भी ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाला वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा देश बना।

पहली बार राउंड ऑफ 16 में पहुंची 3 AFC टीमें
एशियाई टीमों का कमाल, पहली बार राउंड ऑफ 16 में पहुंची 3 AFC टीमें
जाहिर है एशिया से जापान और दक्षिण कोरिया जैसे पड़ोसी अगले दौर में शान से पहुंचे तो वहीं टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार, 3 एएफसी टीमें- जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया ने नॉकआउट चरणों में जगह बनाई। यूएसए भी अपने दोस्त इंग्लैंड के साथ अंतिम 16 में शामिल हुआ।
वहीं सेनेगल और मोरक्को ने कतर में अफ्रीकी झंडे को ऊंचा फहराया और नॉकआउट में पहुंच गए। मोरक्को ने सभी को प्रभावित किया और वो ग्रुप एफ में क्रोएशिया और बेल्जियम से ऊपर रहा।

पुर्तगाल, ब्राजील को मिली हैरान करने वाली हार-
ग्रुप चरण का अंतिम दिन तो बड़ा ही धमाकेदार था जब दक्षिण कोरिया ने पुर्तगाल को 2-1 से हराया। उरुग्वे ने घाना को 2-0 से हराया लेकिन वे लीग स्टेज में बाहर हो गए। फिर कैमरून विश्व कप मैच में ब्राजील को हराने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन गई। इन सब चीजों ने साबित किया जब वर्ल्ड कप बहुत सारे देशों का होता है तो ही एक वास्ताविक विजेता हासिल होता है और पता चलता है किसके पास कितना दमखम है। क्रिकेट को इस मामले में फुटबॉल के समकक्ष आने में दशकों का सफर तय करना होगा और वो भी टी20 फॉर्मेट में ही संभव है।
कतर 2022 में राउंड ऑफ 16 के नाम से ही जाहिर है कुल सोलह टीमें हिस्सा लेंगी जिनके बीच 8 मुकाबले होंगे। यह एक तरह से प्री-क्वार्टर फाइनल स्टेज है जहां जो एक मैच हारा वह बाहर हो जाएगा। तभी ये एक नॉकआउट स्टेज है।
(Photo Credit- FIFA World Cup)

Round of 16 मैचों का शेड्यूल और टाइमिंग
टाइमिंग भारतीय समयानुसार है-
- नीदरलैंड बनाम यूएसए- 3 दिसंबर रात 8:30 बजे
- अर्जेंटीना बनाम ऑस्ट्रेलिया, 4 दिसंबर 12:30 AM
- फ्रांस बनाम पोलैंड 4 दिसंबर रात 8:30 बजे
- इंग्लैंड बनाम सेनेगल, 5 दिसंबर 12:30 AM
- जापान बनाम क्रोएशिया 5 दिसंबर को रात 8:30 बजे
- ब्राजील बनाम दक्षिण कोरिया, 6 दिसंबर 12:30 AM
- मोरक्को बनाम स्पेन, 6 दिसंबर रात 8:30 बजे
- पुर्तगाल बनाम स्विट्जरलैंड, 7 दिसंबर 12:30 AM












Click it and Unblock the Notifications