FIFA Awards: लियोनल मेसी को मिला बेस्ट मेन्स प्लेयर 2022 का अवॉर्ड, स्कालोनी बने बेस्ट कोच
FIFA Award 2022 List: अर्जेंटीना के स्टार लियोनल मेसी को पिछले साल दिसंबर में उनके वर्ल्ड कप जिताने के कारमाने के चलते ये अवॉर्ड मिला। टीम के कोच और गोलकीपर को क्रमशः बेस्ट कोच और गोलकीपर के अवॉर्ड से नवाजा गया।

FIFA Award 2022: लियोनेल मेसी के लिए बीते कुछ महीने सपनों की दुनिया को हकीकत में जीने के जैसे रहे हैं। उनकी फैन फॉलोइंग इस तरह से है कि लोग उनमें अपनी उपलब्धियों की झलक देख लेते हैं। जैसे विश्व कप दिसंबर में मेसी ने नहीं बल्कि उनमें भरोसा करने वाले उनके हर फैन ने जीता हो और इसमें देशों की भौतिक सीमाएं कोई मायने नहीं रखती। मेसी का क्रेज तभी से सिर चढ़कर बोल रहा है। उन्होंने सोमवार को फीफा अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी 2022 जीत लिया है और इसके पीछे बड़ी वजह पिछले साल दिसंबर में विश्व कप जीत ही है।
35 वर्षीय लियोनल ने फ्रांस के खिलाफ फाइनल में दो गोल दागे, जिसके बाद अर्जेंटीना कतर में 3-3 से ड्रॉ के बाद पेनल्टी शूट आउट पर विजेता बना और वहां भी मेसी ने गोल दागा था। इस दौरान अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच का पुरस्कार जीता, जबकि अपने रंगीन स्वभाव से आलोचना और तारीफ दोनों बटोरने वाले एमिलियानो मार्टिनेज (अर्जेंटीना) को सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर नामित किया गया।
वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में मेसी की प्रतिद्वंदता उनसे कहीं अधिक युवा और ऊर्जावान किलियन एम्बाप्पे से कराई गई। फ्रांस के सितारे ने भी हैट्रिक लगाकर कमाल का काम किया था और फाइनल की रात के बाद से ये दोनों एक साथ ही फुटबॉल खेल रहे हैं। टॉप अवॉर्ड के लिए एम्बाप्पे को भी नोमिनेट किया गया था। मेसी पेरिस में समारोह के दौरान अपने पेरिस सेंट जर्मेन टीम के साथी एम्बाप्पे के बगल में बैठे थे। उन्होंने कहा, "यह आश्चर्यजनक है। यह एक जबरदस्त साल था और आज रात यहां होना और यह पुरस्कार जीतना मेरे लिए एक सम्मान की बात है।"
मेसी ने कहा, "मैं (कोच लियोनेल) स्कालोनी और अपने साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं, उनके बिना मैं यहां नहीं होता। मैंने एक सपना हासिल किया जिसकी मैं इतने लंबे समय से उम्मीद कर रहा था और आखिरकार मैंने इसे हासिल कर लिया। यह किसी भी खिलाड़ी के लिए एक सपना है, बहुत कम लोग इसे हासिल कर सकते हैं और मैं ऐसा करने के लिए काफी भाग्यशाली था।"
इस दौरान अर्जेंटीना के समर्थकों ने बेस्ट फैन का खिताब जीता जिन्होंने विश्व कप जीतने के बाद अपने खिलाड़ियों के स्वागत और उत्साह में समां बांध दिया। सोशल मीडिया पर इस दक्षिण अफ्रीकी देश के नजारे देख लोगों की आंखें फटी रह गई थी। अवॉर्ड के शानदार समारोह ने साल के असाधारण गोल को भी मान्यता दी और मार्सिन ओलेक्सी ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए फीफा पुस्कस पुरस्कार जीता। लुका लोचशविली ने फीफा फेयर प्ले पुरस्कार जीता। जब एक विरोधी खिलाड़ी मैदान पर बेहोश हो गया और लुका उसकी सहायता के लिए दौड़ पड़े जिसके लिए उनको ये अवॉर्ड मिला है।
इस बीच, महिला फुटबॉल के लिए भी अवॉर्ड की घोषणा हुई। बार्सिलोना की एलेक्सिया पुटेलस (स्पेन) को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, इंग्लैंड की मैरी एर्प्स को सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर ट्रॉफी और सरीना विगमैन (इंग्लैंड) को सर्वश्रेष्ठ महिला कोच का पुरस्कार मिला।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications