बेंगलुरू एफसी ने FC गोवा की प्लेऑफ उम्मीदों को तोड़ा, ओडिशा एफसी बनी प्लेऑफ में जाने वाली अंतिम टीम

बेंगलुरू, 23 फरवरी: बेंगलुरू एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में अपनी लगातार आठवीं जीत हासिल करके एफसी गोवा की प्लेऑफ उम्मीदों को तोड़ दिया है। ब्लूज ने गुरुवार को अपने घरेलू मैदान श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेले अपने अंतिम लीग चरण मुकाबले में एफसी गोवा को 3-1 से हरा दिया। गौर्स की हार के साथ ही ओडिशा एफसी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली अंतिम टीम बन गई है। बेंगलुरू की शानदार जीत में स्ट्राइकर शिव नारायण (छठे व 76वें) और स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर पाब्लो पेरेज (81वें मिनट में) ने गोल दागे। शिव नारायण को दो गोल करने के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
लगातार आठवीं जीत से मुख्य कोच साइमन ग्रेसन के ब्लूज अंक तालिका में चौथे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए है, जिसका फायदा उन्हें प्लेऑफ मैच घर पर खेलने के रूप में मिलेगा। बेंगलुरू एफसी के 20 मैचों में 11 जीत, एक ड्रा और आठ हार से 34 अंक हो गए हैं। वहीं, इस हार के कारण मुख्य कोच कार्लोस पेना के गौर्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया क्योंकि उन्होंने तालिका में सातवें स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया। एफसी गोवा के 20 मैचों में आठ जीत, तीन ड्रा और नौ हार से 27 अंक हैं।
मैच का पहला गोल छठे मिनट में आया, जब स्ट्राइकर शिव नारायण ने बेंगलुरू एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। बाएं फ्लैंक में मिली लगातार दूसरी कॉर्नर किक पर रोशन नौरेम सिंह ने बॉक्स के अंदर छह गज के खतरनाक इलाके में गेंद डाली, जिसे शिव ने हेडर करके गोलजाल में उलझा दिया जबकि एफसी गोवा के गोलकीपर धीरज मोइरांगथेम अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव करने में विफल रहे।
33वें मिनट में स्पेनिश मिडफील्डर इकर गुआरोटक्सेना ने इस सीजन का अपना ग्यारहवां गोल करके एफसी गोवा को 1-1 की बराबरी दिला दी। बाएं फ्लैंक से मोरोक्कन विंगर नोआ वेल सदाओई ने गोल लाइन के करीब पहुंचने के बाद बॉक्स के अंदर क्रॉस डाला, जिस पर गुआरोटक्सेना ने हेडर करके गेंद को दाहिने पोस्ट की तरफ पहुंचा दिया जबकि बेंगलुरू के गोलकीपर गुरप्रीत संधू देखते ही रह गए।
76वें मिनट में स्ट्राइकर शिव नारायणन ने अपना दूसरा गोल करके बेंगलुरू एफसी को फिर से बढ़त दिलाते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। मिडफील्डर सुरेश वांगजाम के राइट फुटर शॉट को एफसी गोवा के गोलकीपर धीरज मोइरांगथेम अपने दाहिनी तरफ डाइव करके रोका जरूर लेकिन उनके हाथ से गेंद बाएं पोस्ट के करीब लुढ़क ही रही थी कि शिव ने आगे आकर बाएं पैर से फिनिशिंग कर दी।
81वें मिनट में स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर पाब्लो पेरेज ने गोल करके गोवा की रही सही उम्मीदों को खत्म करते हुए बेंगलुरू एफसी की बढ़त को 3-1 कर दिया। भारतीय मूल के फीजियन स्ट्राइकर रॉय कृष्णा ने अटैकिंग थर्ड से बायीं तरफ बॉक्स के अंदर थ्रू-पास डाला, जहां पहुंचने के बाद पेरेज ने दाहिने पैर से गेंद को चिप करके फार पोस्ट के टॉप कॉर्नर पर गोल जाल में उलझा दिया।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल के 13वां मुकाबला था और आज बेंगलुरू एफसी सातवें मौके पर विजयी हुई है, जबकि एफसी गोवा ने तीन बार जीत हासिल की है। तीन मैच ड्रा रहे हैं। आज के परिणाम के बाद इस सीजन में बेंगलुरू एफसी ने गौर्स के खिलाफ जीत का डबल पूरा किया। क्योंकि पहले चरण में ब्लूज ने गौर्स को 2-0 से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications