मिनटों में हजारों खिलौनों से भर गया फुटबॉल स्टेडियम, जानिए दर्शकों ने बीच मैच में क्यों किया ऐसा?
रविवार को वोडाफोन पार्क में तुर्की सुपर लीग के तहत बेसिक्तास और फ्रापोर्ट टीएवी एंटाल्यास्पोर के बीच मैच था। समय से मैच शुरू भी हो गया, लेकिन 4 मिनट और 17 सेकंड के बाद ही खेल रोक दिया गया।

बीते दिनों तुर्की में आए भूकंप से पूरी दुनिया सहम उठी है। भूकंप की तबाही में तुर्की के अंदर ही 50 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पूरी दुनिया तुर्की की अपने-अपने तरीके से मदद कर रही है। इस बीच रविवार को इस्तांबुल फुटबॉल क्लब बेसिक्तास के फैंस ने वोडाफोन पार्क में खिलौनों की बौछार कर दी। मैच शुरू होने से पहले दर्शकों ने हजारों की संख्या में खिलौने मैदान पर फेंक दिए। दर्शकों ने ऐसा करके दुनिया को यह संदेश दिया किन इन मुश्किल हालात में हम प्रभावित परिवारों के बच्चों के साथ हैं और हम सब एकजुट हैं।
मैच शुरू होने के 4 मिनट बाद ही रोक दिया गया
आपको बता दें कि रविवार को वोडाफोन पार्क में तुर्की सुपर लीग के तहत बेसिक्तास और फ्रापोर्ट टीएवी एंटाल्यास्पोर के बीच मैच था। समय से मैच शुरू भी हो गया, लेकिन 4 मिनट और 17 सेकंड के बाद ही खेल रोक दिया गया। स्टेडियम में मौजूद करीब 40 हजार दर्शकों ने ग्राउंड पर खिलौने फेंकने शुरू कर दिए। इस मैच का रिजल्ट कुछ नहीं निकला था, लेकिन लोगों के इस संदेश ने पूरी दुनिया का दिल जीत लिया। बता दें कि यह मैच पहले नवंबर में होना था, लेकिन इस्तांबुल के इस्तिकलाल स्ट्रीट पर हुए आतंकी हमले के कारण इस मैच को स्थगित कर दिया गया था।
सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ब्रुकलिन कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर लुइस फिशमैन ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए कहा है कि इसे देखिए और बताइए कि आपने क्या महसूस किया? तुर्की में आए भूकंप के बाद बेघर हुए बच्चों के लिए फुटबॉल फैंस ग्राउंड को खिलौनों से भर देते हैं। प्यार का ऐसा खूबसूरत और दिल दहला देने वाला सीन। दुनिया में लोगों का कितना बड़ा दिल।
आपको बता दें कि 6 फरवरी को आए भूकंप ने तुर्की के दक्षिणी क्षेत्र को तबाह कर दिया है। वहां 50 हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। कई परिवार बेघर हो गए हैं। बड़े स्तर पर जान-माल की हानि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications