'होठों पे लाली, माथे पे बाली और बालों में गजरा', चहल ने जडेजा की वापसी पर शेयर की मजेदार तस्वीर
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार से शुरू हो रही 3 मैचों की टी20 सीरीज में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा वापसी कर रहे हैं। जहां बुमराह साउथ अफ्रीका दौरे के बाद लंबे ब्रेक पर थे तो वहीं पर संजू सैमसन करीब 8 महीनों के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। वहीं न्यूजीलैंड सीरीज में चोटिल होने के बाद रविंद्र जडेजा भी पहली बार टीम का हिस्सा बने हैं। ऐसे में सिर्फ फैन्स ही नहीं बल्कि टीम में उनके साथी खिलाड़ी भी उनकी वापसी का जश्न मना रहे हैं।

इस बीच सोशल मीडिया पर अपनी मजेदारी पोस्ट के लिये मशहूर भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी इस हरफनमौला खिलाड़ी का खास अंदाज में स्वागत किया है। मौजूदा समय में अगर भारतीय खेमे में कोई खिलाड़ी दूसरे प्लेयर्स की टांग खींचने के लिये मशहूर है तो वो युजवेंद्र चहल है, जिन्होंने रविंद्र जडेजा की वापसी पर भी एक ऐसी स्टोरी शेयर की है जो देखते ही देखते वायरल हो गई है।
और पढ़ें: IND vs NZ: मंधाना ने तोड़ा भारत की लगातार हार का सिलसिला, टीम को क्लीन स्वीप से बचाया

गजरा, बिंदी और मेकअप के साथ पोस्ट की जडेजा की फोटो
युजवेंद्र चहल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर रविंद्र जडेजा की एक एडिटेड फोटो पोस्ट की है जिसने सोशल मीडिया को हैरान कर दिया है। जडेजा ने इस स्टोरी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट शेयर करते हुए लिखा जड्डु पा आपका स्वागत है। इस स्टोरी की खास बात यह है कि जडेजा की इस तस्वीर पर जो फिल्टर लगाया गया है वो दुल्हन के श्रृंगार का है, जिसकी वजह से जडेजा फोटो में काफी फनी नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में जडेजा के बालों में गजरा, कानों में झुमका और माथे पर बाली लगी है।

लंबे समय बाद चोट से उबर कर रहे हैं वापसी
गौरतलब है कि रविंद्र जडेजा आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में नजर आये थे, जहां पर चोटिल होने की वजह से वह साउथ अफ्रीका दौरे का हिस्सा नहीं बन पाये थे। इतना ही नहीं उनके वेस्टइंडीज सीरीज में वापसी करने की उम्मीद थी लेकिन पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से उन्हें शामिल नहीं किया गाया। पिछले कुछ सालों में जडेजा ने अपनी गेंदबाजी पर भी बहुत ज्यादा काम किया है जिसकी वजह से टीम में एक फिनिशर की भूमिका अदा कर रहे हैं और भारतीय बल्लेबाजी में गहरायी देते हैं।

चहल ने भी फॉर्म में की है वापसी
वहीं युजवेंद्र चहल की बात करें तो यह लेग स्पिनर पिछले काफी समय से अपनी फॉर्म से जूझ रहा था, जिसकी वजह से उन्हें टी20 विश्वकप की टीम में जगह नहीं मिली थी। वहीं जब साउथ अफ्रीका दौरे पर उन्होंने वापसी की तो वहां पर भी कुछ खास नहीं कर सके थे। ऐसे में जब उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ फिर टीम में वापसी का मौका मिला तो उन्होंने अपनी खोयी हुई लय को वापस हासिल कर लिया और शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी की यह भारतीय लेग स्पिनर श्रीलंका के खिलाफ भी अपनी लय को जारी रखे और फॉर्म बरकरार रखते हुए टी20 विश्वकप 2022 में टीम के लिये मैच जिताऊ प्रदर्शन कर सके।












Click it and Unblock the Notifications