IND vs NZ: मंधाना ने तोड़ा भारत की लगातार हार का सिलसिला, टीम को क्लीन स्वीप से बचाया
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में अगले महीने से शुरू हो रहे महिला वनडे विश्वकप से पहले मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम द्विपक्षीय सीरीज खेलने पहुंची थी, जिसके तहत उसने एक टी20 और 5 मैचों की वनडे सीरीज खेली। हालांकि यह सीरीज भारतीय टीम के नजरिये से उतनी कामयाब नहीं रही जिसकी फैन्स को उम्मीद थी। भारत ने इस सीरीज का आगाज टी20 मैच में हार के साथ किया और वनडे सीरीज में भी यह सिलसिला जारी रखा। न्यूजीलैंड की टीम ने 4 मैचों में जीत हासिल कर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली और भारत को क्लीन स्वीप करने की कगार पर पहुंच गया।

हालांकि आखिरी मैच में भारतीय टीम की तीनों सुपरस्टार बैटर हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और मिताली राज ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम के लगातार मैचों में चल रहे हार के सिलसिले को रोक दिया। न्यूजीलैंड की महिला टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 9 विकेट खोकर 251 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 46 ओवर्स में ही 255 रन बना डाले और 6 विकेट से मैच को जीत लिया।
और पढ़ें: IND vs SL: क्या लखनऊ T20 में बारिश देने वाली है खलल, जाने कैसा रहेगा पिच का मिजाज

मंधाना बनी जीत की हीरो
इस जीत के साथ ही भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर अपनी पहली जीत मिली और वह क्लीन स्वीप होने से बाल-बाल बच गई। उल्लेखनीय है कि स्मृति मंधाना सीरीज के पहले 3 मैचों में उपलब्ध नहीं थी, जिसका खामियाजा भी भारतीय टीम को भुगतना पड़ा था। वहींं पर हरमनप्रीत कौर के बल्ले से भी रन नहीं निकल रहे थे। भारत के लिये यह जीत महज सम्मान बचाने की हो सकती है, लेकिन महिला विश्वकप से पहले यह टीम के अंदर आत्म-विश्वास को बढ़ा सकता है।

गेंदबाजी में छायी दीप्ती-स्नेह
वनडे सीरीज के इस आखिरी मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मेघना सिंह ने सूजी बेटस (17) का विकेट लेकर भारतीय टीम को जल्द शुरुआत दिलायी, लेकिन सोफी डिवाइन (34) और एमिलिया केर (66) ने दूसरे विकेट के लिये 68 रनों की साझेदारी कर डाली। स्नेह राणा ने यहां पर डिवाइन का विकेट लेकर टीम की वापसी करायी तो वहीं पर दीप्ती शर्मा ने एमी सदरवेट और एमिलिया केर को पवेलियन भेज दिया। स्नेह राणा ने लॉरेन डॉन का विकेट लेकर न्यूजीलैंड की आधी टीम को वापस पवेलियन भेज दिया। 187 रन पर 6 विकेट खो चुकी कीवी टीम के लिये निचले क्रम के बैटर्स ने छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम के स्कोर को 251 पर पहुंचा दिया।

भारतीय बल्लेबाजी ने दिखाया दम
जवाब में 252 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिये शैफाली वर्मा एक बार फिर से अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही और 29 रन के स्कोर पर वापस लौट गई। लेकिन यहां से स्मृति मंधाना (71) ने पहले दीप्ती शर्मा (21) के साथ दूसरे विकेट के लिये 60 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर हरमनप्रीत कौर (63) के साथ 64 रन जोड़े। मंधाना 71 रनों की पारी खेलकर वापस लौटी, जिसके बाद हरमनप्रीत कौर ने कप्तान मिताली राज के साथ 72 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के दहलीज पर पहुंचा दिया। कप्तान मिताली ने नाबाद 57 रनों की पारी खेलकर स्कोर को 46वें ओवर में ही चेज कर लिया और टीम की हार का सिलसिला आखिरकार रुक गया।












Click it and Unblock the Notifications