'10 KM रोज भागो, 5 साल और खेलो'! टीम इंडिया को रोहित शर्मा की जरूरत, दिग्गज ने दिया फिटनेस मंत्र
Yograj Singh On Rohit Sharma: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा जल्द ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं। रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मार्च 2025 में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से कोई मैच नहीं खेला है, जिसे टीम इंडिया ने जीता था। हालांकि, रोहित ने आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला, लेकिन उसके बाद वह क्रिकेट के बड़े मुकाबलों से दूर रहे।
रोहित को मिला फिटनेस मंत्र (Yograj Singh On Rohit Sharma)
रोहित की वापसी से पहले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने उनके लिए एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को रोहित शर्मा की जरूरत कम से कम अगले 5 सालों तक है। योगराज ने अपने इंटरव्यू में रोहित की फिटनेस और योगदान की तारीफ करते हुए कहा कि रोहित को हर सुबह 10 किलोमीटर दौड़ लगानी चाहिए और टीम के लिए अभी कम से कम 5 साल और खेलना चाहिए।

पांच साल और खेलने की गुजारिश
योगराज सिंह ने कहा कि जिस खिलाड़ी के बारे में लोग बहुत कुछ कहते हैं वो कोई और नहीं रोहित शर्मा हैं। मैंने कहा था कि रोहित मेरा खिलाड़ी है, मेरा आदमी है। जिस तरह उन्होंने खेला, उनकी बल्लेबाजी एक तरफ और बाकी टीम की बल्लेबाजी दूसरी तरफ। यही उनकी असली कला है। मैं कहता हूं कि रोहित, हमें आप पांच साल और चाहिए यार', इसलिए अपने देश के लिए और मेहनत करें, फिट रहें और लगातार बेहतर खेलें।
टेस्ट और टी-20 से ले चुके हैं संन्यास
38 साल के रोहित शर्मा ने अब टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने 2024 विश्व कप में टीम इंडिया को जीत दिलाने के बाद टी20 इंटरनेशनल से भी दूरी बना ली थी। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट से भी उन्होंने पहले ही संन्यास ले लिया था। फिलहाल, रोहित वनडे टीम के कप्तान के रूप में टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं और उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications