Year Ender 2024: अश्विन-बुमराह सहित इन खिलाड़ियों ने इस साल बिखेरा जलवा, गेंदबाजी आंकड़ों पर एक नजर
Year Ender 2024: साल 2024 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए काफी रोमांचक साल रहा। इस साल टीम ने 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी में टी20 वर्ल्ड कप जीतने में सफलता हासिल की। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह जीत न केवल टीम के लिए एक गर्व का पल था, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी खुशी का मौका था, क्योंकि साल 2013 के बाद यह पहली बड़ी आईसीसी ट्रॉफी थी।
भारतीय गेंदबाजों ने किया कमाल
भारतीय बल्लेबाजों ने इस साल बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन कर फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा। वहीं गेंदबाजों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और आर अश्विन जैसे गेंदबाजों ने गेंद से कहर बरपाने का काम किया। आइए एक नजर डालते हैं साल 2024 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों के आंकड़ों पर....

अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह के लिए भी साल 2024 शानदार रहा है। अर्शदीप सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारुकी और अर्शदीप सिंह ने 17-17 विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप ने 2024 में भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट भी लिए हैं। इस साल अर्शदीप ने 18 टी 20 इंटरनेशनल मैचों में 13.5 की औसत और 10.8 की स्ट्राइक रेट से 36 विकेट हासिल किए।
जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने साल 2024 में एक शानदार उपलब्धि हासिल की। वह एक साल में 50 या उससे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए। बुमराह ने यह कारनामा आस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को आउट करके किया। इससे पहले यह उपलब्धि कपिल देव और जहीर खान के नाम रही है। इसके अलावा बुमराह ने साल 2024 में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनका इकॉनमी रेट 4.17 के साथ टी20 वर्ल्ड कप के किसी एक एडिशन में 100 से ज्यादा गेंदें फेंकने वाले गेंदबाजों में सबसे अच्छा इकॉनमी रेट है। इस उपलब्धि ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में गेंदबाजी के मामले में एक और शानदार मुकाम पर पहुंचाया है।
रवि बिश्नोई
रवि बिश्नोई ने साल 2024 में टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 विकेट लेने की शानदार उपलब्धि हासिल की। इस रिकॉर्ड को उन्होंने 33वीं पारी में पूरा किया। इसके साथ ही वह संयुक्त रूप से भारत के दूसरे सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए। बिश्नोई ने यह उपलब्धि बांग्लादेश के बल्लेबाज लिटन दास को आउट करके हासिल की। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने भी 33 पारियों में 50 विकेट का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं, कुलदीप यादव के नाम सबसे तेज 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड है, जिन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 30 पारियों में हासिल की थी।
रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने सालल 2024 में टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट का माइलस्टोन हासिल किया। यह उपलब्धि उन्होंने महज 98 टेस्ट मैचों में हासिल की, जिससे वह भारतीय गेंदबाजों में सबसे तेज 500 विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए। यह खास माइलस्टोन उन्होंने राजकोट में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैच में हासिल किया, जब अश्विन ने इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉली को आउट किया।
रवींद्र जडेजा
रवींद्र जडेजा ने इस साल टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल किया। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अपने 73वें टेस्ट मैच में खालिद अहमद को आउट कर 300 विकेट का आंकड़ा पार करने की उपलब्धि हासिल की। जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में 3000 से ज्यादा रन बनाने और 300 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के केवल 11 खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं। भारत में इस उपलब्धि को पहले केवल कपिल देव और आर अश्विन ने ही हासिल किया था, जिससे जडेजा का यह रिकॉर्ड और भी खास बन जाता है।












Click it and Unblock the Notifications