Yasir Shah ने दिलाई स्पिन के जादूगर शेन वॉर्न की याद, श्रीलंका के खिलाफ फेंकी 'बॉल ऑफ द सेंचुरी'
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जा रहा है।
गाले, 19 जुलाई: श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जा रहा है। जहां मेजबान श्रीलंका ने पाकिस्तान के सामने 342 रनों का लक्ष्य रखा है। इसी बीच इस मैच से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो पाकिस्तानी दिग्गज लेग स्पिनर यासिर शाह (Yasir Shah) का है। दरअसल, पहले टेस्ट के तीसरे दिन यासिर ने एक ऐसी गेंद डाली, जिसने दिवंगत शेन वॉर्न (Shane Warne) की यादें ताजा कर दी।
ये भी पढ़ें- 3 साल बाद टीम में वापसी करने वाले Dinesh Karthik ने खोला ड्रेसिंग रूम का बड़ा राज, कहा...

गाले में छा गए शाह
गाले टेस्ट के तीसरे दिन यासिर शाह ने श्रीलंका की दूसरी पारी के 55वें ओवर में कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। यासिर की यह गेंद लेग स्टंप के कोने पर गिरी और जबरदस्त घुमाव लेती हुई मेंडिस का ऑफ स्टंप उड़ा गई। यासिर की यह गेंद देखकर सभी हैरान रह गए। उनकी इस गेंद ने महान स्पिनर शेन वॉर्न की यादें ताजा कर दी। वॉर्न ने 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ माइक गैटिंग को लगभग ऐसी ही गेंद डाली थी।
यासिर शाह की इस गेंद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा और बेहद पसंद भी किया जा रहा है।
Beauty from Yasir Shah like Shane Warne's Ball to Gatting ... pic.twitter.com/EKNgpZqZl6
— Taimoor Zaman (@taimoorze) July 18, 2022

अब्दूल कादिर का रिकॉर्ड भी तोड़ा
गाले टेस्ट की पहली पारी में यासिर शाह ने 2 और दूसरी पारी में कुल 3 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ उन्होंने मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दरअसल, शाह पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने अब्दुल कादिर (236) का रिकॉर्ड तोड़ा। यासिर अभी तक 46 मैचों में 31.23 की औसत के साथ कुल 240 विकेट ले चुके हैं। पाक की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले स्पिनर दानिश कानेरिया (261) हैं।

दूसरी पारी में श्रीलंका ने दिखाया दम
दूसरी पारी में श्रीलंका की टीम 339 के स्कोर पर ऑल-आउट हुई। टीम की ओर से दिनेश चंडीमल ने सबसे ज्यादा 94 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा कुसल मेंडिस (76) और ओशेदा फर्नांडो (64) ने भी बढ़िया बल्लेबाजी की। पाकिस्तान की ओर से यासिर शाह (3) के अलावा युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद नवाज ने भी 5 विकेट अपनी झोली में डाले।
जानकारी के लिए बता दें कि, पहली पारी में श्रीलंका ने 222 रन बनाए थे, जबकि बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम ने 218 पर ढ़ेर हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications