WTC Final: स्टीव स्मिथ हो सकते हैं भारत के लिए खतरनाक साबित, ऑस्ट्रेलिया का खराब रिकॉर्ड
WTC Final: ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन ओवल में ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। भारतीय टीम के लिए यह राहत की बात कही जा सकती है। हालांकि स्मिथ का बल्ला वहां चलता है।

WTC Final, Australia stats at the Oval: ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच 7 जून से लन्दन के ओवल में होना है। इस मैच के लिए दोनों ही टीमों की तरफ से जमकर तैयारी की जा रही है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड ओवल में ज्यादा खास नहीं रहा है।
इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड ओवल मैदान पर खराब ही रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए भी यह चिंता का विषय होना चाहिए। हालांकि कंगारुओं की क्षमता और कौशल के ऊपर किसी को कोई शक नहीं होगा। उनकी टीम में दिग्गजों की भरमार नज़र आती है।
ओवल में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने ओवल में 1880 में पहला टेस्ट मैच खेला था। तब से लेकर अब तक मामला खराब ही रहा है। कंगारुओं ने इस मैदान पर कुल 38 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उनको सिर्फ 7 बार जीत नसीब हुई है लेकिन 17 मैचों में पराजय का सामना करना पड़ा है। 14 मैच ड्रॉ रहे हैं।
उच्चतम स्कोर
ऑस्ट्रेलिया ने ओवल में सबसे ज्यादा 701 रनों का स्कोर बनाया है। इंग्लैंड के खिलाफ साल 1934 में यह स्कोर खड़ा किया गया था। सबसे कम स्कोर 44 रन है, जो 1896 में बना था। न्यूनतम स्कोर के मामले में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड यहाँ खराब नज़र आ रहा है।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज
सर डॉन ब्रैडमैन इस कैटेगरी में टॉप पर हैं। ओवल में ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाज वही हैं। उन्होंने वहां महज 4 पारियों में ही 553 रन रन बना डाले। इसके अलावा ब्रैडमैन ने ओवल में 2 बार दोहरा शतक जमाया। उनके अलावा अन्य कोई ऑस्ट्रेलियाई ऐसा नहीं कर पाया।
सबसे ज्याद शतक
इस मामले में सर डॉन ब्रैडमैन, बिली मर्डोक, वारेन बार्डस्ले, इयान चैपल, जस्टिन लैंगर, स्टीव स्मिथ आदि का नाम आता है। इन सभी खिलाड़ियों ने ओवल में 2-2 शतक जड़े हैं। स्मिथ अब भी ऑस्ट्रेलिया की टीम में खेल रहे हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत के खिलाफ वह घातक साबित हो सकते हैं।
सबसे ज्यादा विकेट
ओवल में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट स्वर्गीय शेन वॉर्न के नाम हैं। वॉर्न यहाँ सबसे सफल रहे हैं। लेग स्पिनर होने के बाद भी शेन वॉर्न ने अपनी गेंदबाजी से दमखम दिखा दिया। उन्होंने आठ पारियों में 32 विकर हासिल किये हैं।












Click it and Unblock the Notifications