'धोनी-रसेल की तरह शरीर नहीं पर मैं भी मार सकता हूं तेज रन', टी20 प्रारूप को लेकर छलका साहा का दर्द
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन का खेल मुंबई में जारी हैं, जिसके 51 मैच खेले जा चुके हैं। इस दौरान फैन्स को कई बेहतरीन और रोमांचक मैच देखने को मिले हैं तो कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से मैच को एकतरफा किया है। आमतौर पर क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप को युवा खिलाड़ियों का खेल माना जाता है क्योंकि महज 40 ओवर्स में खत्म हो जाने वाला यह प्रारूप काफी तेज तरीके से घटता है। हालांकि आईपीएल में कई बार उम्रदराज खिलाड़ियों ने इस बात को गलत साबित किया है।

आईपीएल 2022 में भी अगर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज पर नजर डालें तो केएल राहुल को छोड़कर सभी बल्लेबाजों की उम्र 30 से ज्यादा है। इस बीच भारतीय टेस्ट टीम के सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने उम्र को लेकर चलने वाली इस चर्चा पर अपनी राय दी है और दावा किया है कि वो भी इस प्रारूप में तेज तर्रार तरीके से रन बना सकते हैं।

साहा ने किया बड़ा दावा
आईपीएल 2022 की बात करें तो आयुष बदौनी, मोहसिन खान, उमरान मलिक, शशांक सिंह, तिलक वर्मा और मुकेश चौधरी जैसे कई युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से धमाल मचाया है, हालांकि डेविड वॉर्नर, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, शिखर धवन, महेंद्र सिंह धोनी जैसे उम्रदराज खिलाड़ियों ने अपने अनुभव का दम दिखाते हुए अलग जलवा दिखाया है। इस बीच साहा ने कहा कि लोग उन्हें शॉर्ट फॉर्मेट का खिलाड़ी नहीं मानते हैं, जो कि एक गलतफहमी है, क्योंकि भले ही उनके पास धोनी और रसेल जैसा शरीर नहीं है लेकिन वो भी तेजी से रन बनाना जानते हैं।

गुजरात के लिये आईपीएल में मचा रहे हैं धमाल
उल्लेखनीय है कि फरवरी में जब श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज से पहले चयनकर्ताओं ने साहा को टीम से बाहर कर दिया तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने खुद ही खुलासा किया था कि कोच द्रविड़ समेत टीम मैनेजमेंट ने उन्हें संन्यास लेने पर विचार करने को कहा है। इसके बाद कई लोगों ने साहा को कहा कि उनका करियर समाप्त हो चुका है और वो आगे खेल नहीं पायेंगे, हालांकि गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपने खेमे में शामिल कर न सिर्फ आईपीएल टीम में शामिल किया बल्कि मैथ्यू वेड के फ्लॉप शो के बाद जब उन्हें टीम में शामिल किया तो उन्होंने विस्फोटक पारियां खेलकर अपनी फॉर्म का ऐलान भी कर दिया। साहा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ महज 38 गेंदों में 68 रनों की पारी खेलकर गुजरात टाइटंस की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

हमेशा से छोटे प्रारूप में खेलना पसंद
साहा ने कहा,'मुझे हमेशा से ही टी20 क्रिकेट खेलना पसंद है लेकिन मुझे वो समर्थन नहीं मिला जिसकी दरकार होती है। मुझे नहीं पता कि लोग मुझे टी20 प्रारूप में खेलने से क्यों मना करते हैं, क्योंकि मुझे हमेशा से ही छोटे प्रारूप में खेलना पसंद है। भले ही मेरे पास धोनी, आंद्रे रसेल और क्रिस गेल के जैसा शरीर नहीं है लेकिन मेरे पास जो टैलेंट है वो उनसे कम नहीं है। मैं पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर उसकी सही इस्तेमाल कर सकता हूं और मैंने पहले भी यह किया है। जब मैंने गुजरात के लिये वो अहम पारी खेली तो टीम 196 के स्कोर तक पहुंची, मेरा अर्धशतक इस बात का गवाह है कि मेरे पास फॉर्म है और मुझे किसी को भी जवाब देने की जरूरत नहीं है। मैं बस टीम की जीत में अहम योगदान देना चाहता हूं, पिछली कुछ पारियों से मुझे हिम्मत मिली है और मुझे यकीन है कि इसका मुझे फायदा जरूर मिलेगा।'












Click it and Unblock the Notifications