WPL 2023 Auction: स्मृति मंधाना पर हुई पैसों की बारिश, 3.40 करोड़ रुपये में RCB ने खरीदा
WPL Auction 2023 Smriti Mandhana: महिला खिलाड़ियों के लिए पहली बार आईपीएल ऑक्शन का आयोजन हो रहा है। इस ऑक्शन में बिकने वाली पहली खिलाड़ी स्मृति मंधाना बनीं।

WPL Auction 2023 Smriti Mandhana: विमेंस प्रीमियर लीग के ऑक्शन में भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर जमकर पैसे बरसे हैं। 50 लाख की बेस प्राइस वाली मंधाना के लिए मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच लंबे समय तक टक्कर देखने को मिली। अंत में आरसीबी ने बाजी मारते हुए मंधाना को 3 करोड़ 40 लाख में खरीदकर अपने टीम में शामिल किया।

आरसीबी ने लगाया बड़ा दांव
आरसीबी ने स्मृति मंधाना पर बड़ा दांव लगाया है। 3 करोड़ 40 लाख की भारी रकम खर्च कर आरसीबी ने अपने साथ जोड़ा है। वहीं हरमनप्रीत कौर को 1.80 करोड़ में खरीदकर मुंबई ने अपनी टीम में शामिल किया है। मंधाना को आरसीबी की कप्तानी सौंपी जा सकती है। मंधाना टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकती हैं। महिला आईपीएल में मंधाना पर सबकी नजरें बनी हुई थी।

आरसीबी में तीन बड़े खिलाड़ियों की एंट्री
स्मृति मंधाना के अलावा न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन को 50 लाख रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदने का काम किया। वहीं एलिस पैरी को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 1.7 करोड़ में पैरी को खरीदा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एलिस पैरी के लिए लंबे समय तक बोली चलती रही। जिसमें आखिरकार आरसीबी ने बाजी मार ली।

खिलाड़ियों ने दी बधाई
भारतीय क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को जैसे ही आरसीबी की टीम ने खरीदा सभी खिलाड़ियों ने उनको बधाई देनी शुरू कर दी। दरअसल, ऑक्शन को भारतीय महिला खिलाड़ी एक साथ टीवी पर देख रहे थे। टीवी पर जैसे ही मंधाना को 3 करोड़ 40 लाख में आरसीबी ने खरीदा तो सभी खिलाड़ियों ने उठकर मंधाना के लिए तालियां बजाई। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications