WPL 2026 Playoff Race: एक सीट, तीन दावेदार, मुंबई, दिल्ली या यूपी, आखिर कौन मारेगा बाजी?
WPL 2026 Playoff Race: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) अपने अंतिम पड़ाव पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंकों के साथ सीधे फाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं गुजरात जायंट्स ने शुक्रवार को मुंबई इंडियंस को 11 रनों से हराकर एलिमिनेटर में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब टूर्नामेंट के तीसरे स्थान के लिए रोमांचक मुकाबला मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्ज के बीच सिमट गया है।
दिल्ली को हर हाल में चाहिए जीत (WPL 2026 Playoff Race)
रविवार यानी 1 फरवरी को वडोदरा में होने वाला दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्ज मुकाबला यह तय करेगा कि गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर कौन खेलेगा। जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए गणित बेहद साफ है। फिलहाल 7 मैचों में 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यूपी वॉरियर्ज को हराना ही होगा।

दिल्ली का हार से मुंबई को फायदा
यदि दिल्ली जीतती है, तो वह 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा कर लेगी और 3 फरवरी को होने वाले एलिमिनेटर के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। यदि मैच ड्रा रहता है, तब भी दिल्ली 7 अंकों के साथ आगे बढ़ जाएगी। हार की स्थिति में दिल्ली टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने सभी 8 लीग मैच खेल लिए हैं और उनके पास 6 अंक हैं। फिलहाल वे बेहतर नेट रन रेट (+0.059) के कारण तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन अब उनकी किस्मत पूरी तरह से रविवार के मैच के नतीजे पर टिकी है।
यूपी कैसे कर सकती है क्वालीफाई
मुंबई तभी क्वालीफाई करेगी जब यूपी वॉरियर्ज, दिल्ली कैपिटल्स को हरा दे। लेकिन यहां एक शर्त है कि यूपी की जीत का अंतर 156 रनों से कम होना चाहिए। यदि यूपी एक सामान्य अंतर से जीतती है, तो दिल्ली और मुंबई दोनों के 6-6 अंक होंगे, लेकिन बेहतर रन रेट के आधार पर मुंबई बाजी मार ले जाएगी। यूपी वॉरियर्ज की राह सबसे कठिन है। 7 मैचों में केवल 4 अंकों और -1.146 के नेट रन रेट के साथ वे अंक तालिका में सबसे नीचे हैं।
प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए उन्हें रविवार को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक जीत की जरूरत है। यूपी को दिल्ली को कम से कम 156 रनों के अंतर से हराना होगा। यदि वे लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं, तो उन्हें दिल्ली को 64 रन जैसे न्यूनतम स्कोर पर रोककर महज 1.5 ओवरों में मैच जीतना होगा। ऐसा होने पर ही उनका रन रेट मुंबई से बेहतर हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications