WPL 2023: भावुक हो गईं हरमनप्रीत कौर, खिताबी जीत के बाद दी ऐसी प्रतिक्रिया
WPL 2023 में खिताबी जीत हासिल करने के बाद मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी खुश नज़र आईं। उन्होंने भावुक बात कही।

WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन में मुंबई इंडियंस ने जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमा लिया। पुरुष वर्ग में रोहित शर्मा ने खिताबी जीत दर्ज की थी और महिला वर्ग में हरमनप्रीत कौर खिताबी जीत वाली कप्तान बन गई हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद हरमनप्रीत कौर काफी खुश थीं। उन्होंने कहा कि जीतने के मायने क्या होते हैं, यह पता चल गया। इसके अलावा कौर ने कहा कि फाइनल में जीतने का इन्तजार काफी सालों से था।
मुंबई इंडियंस की कप्तान ने कहा कि यह एक बेहतरीन अनुभव रहा और इस पल का सभी को सालों से इंतजार था। ड्रेसिंग रूप में इस टूर्नामेंट का काफी आनन्द उठाया और फाइनल जीतना सभी के लिए एक सपना था। ऐसा लग रहा कि वह सपना अब पूरा हो गया है। हर कोई पूछता था कि महिला प्रीमियर लीग कब होगा। वह दिन आ गया और हम खुश हैं, खुद पर गर्व भी महसूस करते हैं।
फाइनल में हरमनप्रीत कौर ने बल्लेबाजी को लेकर कहा कि लम्बी बल्लेबाजी लाइनअप होने के नाते हमें मैदान पर जाकर खुद को एक्सप्रेस करना था। जिस तरह से सभी ने प्रदर्शन किया, मैं खुश हूं। सकारात्मक रहना सफलता के लिए जरूरी है। हम भाग्यशाली थे कि हमें कुछ फुल टॉस गेंद खेलने को मिली।
मुंबई इंडियंस की जीत के बाद हर्ष गोयनका ने ट्विटर पर एक ट्वीट करते हुए लिखा कि हरमनप्रीत कौर और रोहित शर्मा दोनों टीम इंडिया के कप्तान हैं। गोयनका ने दोनों में समानता बताने के लिए कुछ बातें कहीं। उन्होंने लिखा कि दोनों ने IPL और WPL में खिताब जीता है। दोनों मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं और शानदार बल्लेबाज भी हैं।
गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 9 विकेट पर 131 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में खेलते हुए मुंबई इंडियंस ने तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। मुंबई इंडियंस के लिए नताली सीवर ने नाबाद अर्धशतक जमाया।












Click it and Unblock the Notifications