CWG में अपने पहले मैच को लेकर बोलीं स्मृति मंधाना- मैं काफी एक्साइटेड हूं, ऑस्ट्रेलिया को नहीं मानती बड़ी टीम
नई दिल्ली, जुलाई 22। कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट को पहली बार शामिल किया गया है। 28 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला ही मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच है। इस मुकाबले को लेकर जितना एक्साइटेड क्रिकेट फैंस हैं, उतना ही एक्साइटेड भारतीय टीम भी है। टीम इंडिया की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच को लेकर कहा है कि वो काफी एक्साइटेड हैं, क्योंकि यह उनके लिए और उनकी टीम के लिए कुछ अलग होने जैसा है।

हम जरूर कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतेंगे- मंधाना
स्मृति मंधाना ने कहा है कि यह मौका मेरे लिए और मेरी टीम के लिए बहुत ही खास है, क्योंकि हमने कभी विदेश में ऐसा टूर्नामेंट नहीं खेला है, जहां अन्य खेलों की भी प्रतियोगिता होती हो, निश्चित रूप से हम इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। रही बात हमारी तैयारी की तो हमने अभी तक बहुत अच्छी तैयारी की है, जो हमें कॉमनवेल्थ गेम्स में वापस मेडल दिलाएगी।
हम ऑस्ट्रेलिया को जरूर हरा सकते हैं- मंधाना
स्मृति मंधाना ने इस दौरान यह भी कहा है कि वो अपने पहले गेम को लेकर जरा भी दबाव में नहीं हैं, क्योंकि वो ऑस्ट्रेलिया को बड़ी टीम नहीं मानती। मंधाना ने कहा कि हमने ऑस्ट्रेलिया का कई टूर्नामेंट के अंदर सामना किया है, टी20 फॉर्मेट में कोई भी टीम किसी भी टीम को मात दे सकती है, इसलिए मैं ऑस्ट्रेलिया को बड़ी टीम कहकर उन्हें अच्छा महसूस नहीं कराना चाहती। निश्चित रूप से हमारे दिमाग में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और बारबाडोस के मैच महत्वपूर्ण हैं और हम इन सभी मैचों को जीतना चाहेंगे।
पाकिस्तान से भी भिड़ेगा भारत
आपको बता दें कि कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट का आगाज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 29 जुलाई को होने वाले पहले मैच से होगा। बर्मिंघम के एजबेस्टन ग्राउंड पर यह मैच खेला जाएगा। आपको बता दें कि टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया 23 में से सिर्फ 6 मुकाबलों में अभी तक हराया है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला साल 2008 में हुआ था। CWG में ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत का मुकाबला पाकिस्तान और बारबाडोस से है।












Click it and Unblock the Notifications