World Cup 2023: विश्वकप की सबसे प्रबल दावेदार टीम इंडिया, तीसरी बार वर्ल्ड कप की तैयारी
World Cup 2023: विश्व कप से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। चोटिल अक्षर पटेल की जगह रविचंद्रन अश्विन को वर्ल्ड कप स्कॉड में जगह मिली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में जिस तरह से अश्विन ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था उसके बाद उन्हें टीम में जगह दी गई है।
कयास लगाए जा रहे थे कि अक्षर की जगह टीम में जगह पाने वाले वॉशिंगटन सुंदर को टीम में मौका मिल सकता है। लेकिन आखिरकार टीम मैनेजमेंट ने अश्विन को मौका दिया है। विश्वकप से पहले टीम इंडिया के लिए लगभग सभी कुछ अच्छा चल रहा है।

रोहित-गिल की जबरदस्त जोड़ी
एशिया कप में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में दो मैच एकतरफा जीतकर सीरीज को अपने नाम किया। टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल की बात करें तो दोनों ही फॉर्म में हैं।
रोहित शर्मा जहां टीम को अच्छी शुरुआत दे रहे हैं तो वहीं शुभमन गिल अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह लगातार बड़े स्कोर कर रहे हैं। टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
टीम के लिए विराट हैं कोहली
तीसरे नंबर पर विराट कोहली इस समय अपनी जबरदस्त फॉर्म में हैं जोकि टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर है विराट कोहली ना सिर्फ टीम को बल्लेबाजी की रीढ़ हैं बल्कि टीम के भीतर जोश भरने का भी काम करते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच की बात हो या फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह जबरदस्त टच में नजर आए हैं।
अय्यर का फॉर्म
एशिया कप में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद उनको लेकर चिंता जाहिर की जा रही थी। लेकिन अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में जबरदस्त वापसी करते हुए शतकीय पारी खेली। अय्यर के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम इंडिया को चौथे नंबर पर एक मजबूत बल्लेबाज मिला है।
केएल राहुल का क्लास
चोट के बाद वापसी कर रहे केएल राहुल को लेकर कई तरह से सवाल खड़े हो रहे थे, लेकिन एशिया कप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी करके उन्हें अपनी जबरदस्त फॉर्म का परिचय दिया है। वह काफी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। केएल के फॉर्म में आने से टीम इंडिया के मिडल ऑर्डर को मजबूती मिलेगी।
ईशान-सूर्या का विस्फोट
पांचवे नंबर पर टीम इंडिया के पास कई बेहतरीन विकल्प है। टीम के पास ईशान किशन, सूर्य कुमार यादव जैसे खिलाड़ी हैं। ये दोनों ही खिलाड़ी अच्छी लय में हैं और टीम के लिए अहम पारियां खेल सकते हैं। ईशान किशन ने जिस तरह से एशिया कप में बल्लेबाजी की उसने उनकी परिपक्वता को जाहिर किया है। वहीं सूर्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में तेज बल्लेबाजी करके अपनी उपयोगिता को साबित किया है।
हार्दिक दो धारी तलवार
मिडल ऑर्डर में भारत के पास ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी हैं जोकि ना सिर्फ बल्ले से बल्कि गेंद से भी टीम को एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज का विकल्प देते हैं। एशिया कप में पांड्या ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से हर किसी को प्रभावित किया।
भारतीय पिचों पर अश्विन-जडेजा-कुलदीप का कहर
निचले क्रम में भारत के पास रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल जैसे ऑलराउंडर हैं, जो कि गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी अपना योगदान दे सकते हैं और अच्छी बात यह है कि दोनों ही फॉर्म में हैं। हालांकि रवींद्र जडेजा बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके हैं लेकिन हर कोई उनकी बल्लेबाजी की प्रतिभा से वाकिफ है। जबकि कुलदीप यादव भारतीय पिचों पर बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी का विकल्प मुहैया कराते हैं।
पेस बैटरी शमी-बुमराह-सिराज
भारतीय तेज गेंदबाजों की बात करें तो मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह विश्व स्तरीय गेंदबाजी का विकल्प मुहैया कराते हैं। तीनों ही अच्छी लय में हैं और विश्वकप में भारत की गेंदबाजी को अलग ही धार दे सकते हैं।
संतुलित टीम
टीम के संतुलन की बात करें तो भारत के पास 7 विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, 3 तेज गेंदबाज बुमराह, शमी और सिराज हैं। दो तेज गेंदबाज ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या हैं तो वहीं स्पिन ऑलराउंडर अश्विन और जडेजा हैं। जबकि कुलदीप भारतीय पिचों पर कहर ढा सकते हैं।
फिलहाल भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है और विश्वकप उठाने की रेस में पहले पायदान पर खड़ी नजर आ रही है। देखने वाली बात है कि क्या एक बार फिर से भारतीय टीम विश्वकप की ट्रॉफी को उठाती है।
विश्वकप में क्या हो सकती है प्लेइंग
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी












Click it and Unblock the Notifications