SA vs BAN: डी कॉक ने खेली 174 रनों की पारी, दक्षिण अफ्रीका ने खड़ा किया पहाड़ जैसा स्कोर
South Africa vs Bangladesh: क्विंटन डी कॉक ने बांग्लादेश के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ डाली और इस वर्ल्ड कप में अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया। पहले बैटिंग करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट के नुकसान पर 382 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडम मार्करम ने पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया लेकिन रीज हेंड्रिक्स इस बार नहीं चले। वह 12 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उनके बाद खेलने के लिए आए रैसी वैन डर डुसेन भी 1 रन के निजी स्कोर पर चलते बने।

दो विकेट गिरने के बाद मार्कराम और डी कॉक ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने जमकर बैटिंग की और तीसरे विकेट के लिए एक शतकीय भागीदारी भी कर डाली। मार्करम 60 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन डी कॉक क्रीज पर टिके रहे और रन भी बनाते चले गए।
डी कॉक ने इस वर्ल्ड कप में अपना तीसरा शतक पूरा करने के बाद आक्रामक तेवर दिखाए और दोहरे शतक के करीब चले गए लेकिन वहां आउट हो गए। इसका मलाल शायद रहेगा क्योंकि डबल हंड्रेड का मौका था। डी कॉक 140 गेंद खेलकर 174 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने 15 चौके और 7 छक्के जड़े
हेनरिक क्लासेन ने पिछले मैच में इंग्लैंड को धोया था, इस बार बांग्लादेश की धुनाई कर डाली। क्लासेन ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाजों ने सपाट पिच का पूरा फायदा उठाया, क्लासेन 90 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए।
अंत में डेविड मिलर ने भी अपने बल्ले से तेज बैटिंग की और 15 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 5 विकेट पर 382 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। बांग्लादेश के लिए यह लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications