Women World Cup के सेमीफाइनल में पहुंचना भारत के लिये हुआ मुश्किल, जानें कैसे हो सकती है क्वालिफाई
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की सरजमीं पर खेले जा रहे आईसीसी महिला वनडे विश्वकप 2022 का पहला हाफ समाप्त हो चुका है और लगभग सभी टीमों ने अपने पहले 5 मुकाबले खेल लिये हैं। शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेले गये 18वें मैच में मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ जिसमें उसे लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने 277 रनों का पीछा करते हुए 50वें ओवर में 4 विकेट खोकर 280 रन बना डाले और 6 विकेट से जीत हासिल कर इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।

ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने लीग स्टेज में खेले गये अपने सभी 5 मैचों में जीत हासिल कर 10 अंक बटोर लिये हैं और अब सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं भारतीय टीम के लिये सेमीफाइनल की राह मुश्किल होती नजर आ रही है, जिसने अब तक खेले गये 5 मैचों में से सिर्फ 2 में ही जीत हासिल की है। ऐसे में आइये एक नजर उन परिस्थितियों पर डालें जिसे पार करने पर ही भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल सकेगी।
और पढ़ें: IPL 2022 में कौन करे आरसीबी के लिये पारी का आगाज, कोहली के लिये वसीम जाफर ने चुना पसंदीदा स्थान

ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका का तय है सेमीफाइनल क्वालिफिकेशन
18 मैचों के बाद महिला विश्वकप की अंकतालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 जीत के साथ टॉप पर काबिज है तो वहीं पर साउथ अफ्रीका की टीम लगातार 4 जीत के साथ दूसरे पायदान पर जमी हुई है। उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिये बचे हुए 3 मैचों में से सिर्फ एक ही जीत की दरकार है। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की टीम है जिसने 5 में से 3 मैचों में जीत हासिल कर 6 अंक के साथ तीसरे पायदान पर कब्जा किया है, जबकि बेहतर रन रेट के चलते भारतीय टीम चौथे पायदान पर काबिज है। भारत की तरह न्यूजीलैंड की टीम को भी 5 में से सिर्फ 2 मैचों में ही जीत मिली है लेकिन उसका नेट रन रेट नेगेटिव है। इंग्लैंड, बांग्लादेश की टीम को पहले 4 मैचों में से सिर्फ एक में ही जीत मिली है तो वहीं पर पाकिस्तान की टीम खाता भी नहीं खोल सकी है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि इंग्लैंड, बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है।

दो स्थान के लिये 3 टीमों में मुकाबला
अगर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीम को सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई माना जाये तो बचे हुए दो स्थान के लिये वेस्टइंडीज, भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच दावेदारी नजर आती है। तीनों ही टीमों को 2 मैच खेलने हैं, जिसमें से वेस्टइंडीज को आगे बढ़ने के लिये 2 में से कम से कम एक जीत की दरकार है। वहीं अगर वेस्टइंडीज की टीम साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ बचे हुए दोनों मैचों में जीत हासिल कर लेती है तो वो आसानी से क्वालिफाई कर जायेगी, जबकि एक मैच में हार उसे नेट रन रेट की रेस में लाकर खड़ा कर देगी। वहीं न्यूजीलैंड को अपने बचे हुए दो मैच पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ खेलने हैं, जिसमें से उसे बचे हुए दोनों मैच में जीत हासिल करनी होगी तभी वो सेमीफाइनल की रेस में बरकरार रहेगी। अगर दोनों टीमों में से किसी ने भी उलटफेर कर दिया तो न्यूजीलैंड को भाग्य के भरोसे क्वालिफिकेशन छोड़ना होगा।

कैसे करेगी भारतीय टीम क्वालिफाई
भारतीय टीम को अपने बचे हुए दो मैच बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ खेलने हैं, ऐसे में अगर उसे बांग्लादेश के खिलाफ विजेता मान लिया जाये तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। वहीं भारत को भी सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिये बचे हुए दोनों मैच में जीत हासिल करनी होगी। भारत के लिये अच्छी चीज उसका नेट रन रेट है जो कि पॉजिटिव में है और यह चीज उसे न्यूजीलैंड से आगे रखती है। अगर भारत और न्यूजीलैंड दोनों बचे हुए दोनों मैच जीत लेते हैं तो नेट रन रेट के दम पर आगे बढ़ सकती है, वहीं पर अगर वेस्टइंडीज की टीम अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाती है तो यह दोनों टीमें क्वालिफाई कर जायेंगी। हालांकि न्यूजीलैंड और भारत की टीमों को अगर एक जीत और एक हार का सामना करना पड़ता है तो उसे नेट रन रेट और दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।












Click it and Unblock the Notifications