एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच होंगे 3 मुकाबले? कैसे होगा यह संभव, सामने आया समीकरण
Asia Cup: भारत और पाकिस्तान के बीच हर इवेंट का मुकाबला हमेशा खास ही होता है। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस बार मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच दुबई में होगा। दोनों टीमों की तरफ से जीत दर्ज करने के लिए जोर लगाया जाएगा।
इस एक मैच से ही मामला समाप्त नहीं होने वाला है। इस एशिया कप में टीम इंडिया तीन बार पाक के खिलाफ खेल सकती है। ऐसा संभव है क्योंकि एशिया कप का फॉर्मेट इसके पक्ष में है। ग्रुप चरण में एक मैच होने के बाद अगले चरण में दो मैच होने के आसार हैं।

आठ टीमों को 4-4 के हिसाब से दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को एक साथ रखा गया है। ग्रुप चरण के बाद सुपर 4 के मैच होंगे। वहां चार टीमें होंगी। हर टीम उसमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेगी। उसके बाद रैंकिंग के आधार पर फाइनल का रास्ता तय होगा।
Asia Cup: सुपर चार से फाइनल का रास्ता
अगर भारत और पाकिस्तान की टीमें सुपर फॉर चरण में टॉप दो टीमें बनकर सामने आती हैं, तो फाइनल मैच खेला जाएगा। सुपर चार में टॉप दो टीमों को फाइनल खेलने का मौका मिलेगा। सेमीफाइनल का कोई प्रावधान इस इवेंट में नहीं रखा गया है। इस वजह से अगर फाइनल में भारत-पाक दोनों जाते हैं, तो दोनों के बीच कुल तीन मुकाबले हो जाएंगे।
Asia Cup: किस टीम का पलड़ा रहेगा भारी
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी नज़र आ रहा है। टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमों के बीच जितने भी मैच खेले गए हैं, उनमें भारतीय टीम ने जमकर धमाल मचाया है। उसे देखते हुए एशिया कप में भी पाकिस्तान की राह मुश्किल होगी।
भारत-पाक के बीच टी20 फॉर्मेट में अब तक कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम ने 10 मैचों में जीत दर्ज की है। पाकिस्तानी टीम को महज 3 ही मैचों में जीतने का मौका मिला है। इन आंकड़ों को देखते हुए कहा जा सकता है कि 14 सितंबर को भारतीय टीम एक बार फिर से पाकिस्तान को पीट देगी।












Click it and Unblock the Notifications