WI vs IND: निकोलस पूरन ने खेली तूफानी पारी, वेस्टइंडीज ने लगातार दूसरे मैच में भारत को हराया
WI vs IND: वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को 2 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। पहले खेलते हुए भारत ने 7 विकेट पर 152 रनों का स्कोर किया। जवाब में खेलते हुए विंडीज ने सात गेंद शेष रहते 8 विकेट पर 155 रन बनाकर मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लेकर भारतीय टीम बल्लेबाजी में फ्लॉप रही। टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल 7 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव भी फ्लॉप रहे और 1 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। ईशान किशन अच्छा खेलते हुए 27 रन बनाकर चलते बने।

दूसरा टी20 मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। वह 41 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के के साथ 51 रन बनाकर आउट हो गए। हार्दिक पांड्या ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े लेकिन अल्जारी जोसेफ ने उनको 24 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
अंतिम ओवर में अर्शदीप सिंह ने एक चौका जमाया और रवि बिश्नोई के बल्ले से छक्का आया। दोनों ने टीम को 7 विकेट पर 152 के स्कोर तक पहुंचा दिया। वेस्टइंडीज के लिए अकील होसैन, अल्जारी जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड को 2-2 विकेट हासिल हुए।
जवाबी पारी में खेलते हुए वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत रही। ब्रेंडन किन को पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या ने आउट कर दिया। पांड्या पहला ओवर डाल रहे थे। इसके बाद पांड्या ने इस ओवर में जॉनसन चार्ल्स को 2 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। 2 रन पर विंडीज को 2 झटके लगे। काइल मेयर्स को अर्शदीप ने 15 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
तीन विकेट गिरने के बाद वेस्टइंडीज के लिए निकोलस पूरन ने धाकड़ बैटिंग करते हुए तूफानी शॉट खेले। उन्होंने तबाड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 29 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली और टीम को मजबूती की तरफ धकेल दिया। रोवमैन पॉवेल 21 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। टी20 में पूरन के बल्ले से लगातार तीसरा अर्धशतक आया। वह 40 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए।
शिमरोन हेटमायर ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। इस दौरान अक्षर पटेल ने रोमारियो शेफर्ड को रन आउट कर वेस्टइंडीज को छठा झटका दिया। इसके बाद ईशान किशन ने चहल की गेंद पर होल्डर बिना खाता खोले चलते बने और वेस्टइंडीज की स्थिति खराब हो गई। हेटमायर अच्छा खेलते हुए 22 के निजी स्कोर पर चहल का शिकार बन गए।
अकील होसैन ने नाबाद 16 और अल्जारी जोसेफ ने नाबाद 10 रन बनाकर मेजबान टीम को मैच में जीत दिला दी। भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने 3 और चहल ने 2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications