WI vs AUS: 27 रन पर ऑल आउट हुई पूरी टीम, टूटा 129 साल पुराना रिकॉर्ड, फैंस हैरान
WI vs AUS, Lowest Total: ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड बन गया। किंग्सटन (जमैका) के सबीना पार्क में खेले गए इस डे-नाइट टेस्ट मुकाबले में मेज़बान वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में महज 27 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे कम स्कोर है। वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी देख फैंस भी हैरान नजर आए।
वेस्टइंडीज को मिली शर्मनाक हार (WI vs AUS, Lowest Total)
इस शर्मनाक हार के साथ वेस्टइंडीज को 176 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मैच सिर्फ तीन दिन में खत्म हो गया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में टॉप स्थान भी बरकरार रखा। ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क इस मैच के हीरो रहे। उन्होंने अपनी 100वीं टेस्ट पारी में 7.3 ओवर में महज 9 रन देकर 6 विकेट झटके।

मिचेल स्टार्क बने जीत के हीरो
मिचेल स्टार्क को इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और पूरी सीरीज़ में 15 विकेट लेने के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' चुना गया। यही नहीं, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट भी पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के चौथे गेंदबाज़ बन गए। स्टार्क के अलावा स्कॉट बोलैंड ने भी तहलका मचा दिया। उन्होंने 2 ओवर में मात्र 2 रन देकर 3 विकेट लिए और टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में डे-नाइट टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज़ बन गए।
बल्लेबाजों का फ्लॉप प्रदर्शन
वह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए हैट्रिक लेने वाले 11वें गेंदबाज़ भी बन गए। वेस्टइंडीज की बल्लेबाज़ी पूरी तरह चरमरा गई। उनकी दूसरी पारी में सात बल्लेबाज़ खाता भी नहीं खोल सके। पहले ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 121 रनों पर समेटने के बाद लगा था कि वेस्टइंडीज 204 रनों का लक्ष्य हासिल कर सकती है, लेकिन स्टार्क और बोलैंड की कहर बरपाती गेंदबाज़ी ने सब कुछ बदल दिया।
टूट गया 129 साल पुराना रिकॉर्ड
वहीं इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने साल 1896 में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के 30 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 30 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में इससे कम स्कोर केवल एक बार बना था। साल 1955 में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ 26 रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications