कुलदीप यादव की क्या गलती थी? 8 विकेट लिए, रन बनाए, मैच जिताया, फिर भी कर दिया बाहर
कुलदीप यादव को बाहर करके टीम इंडिया ने फैंस की नाराजगी मोल ले ली है जहां टीम इंडिया ने जयदेव उनादकट को जगह दी तो वहीं पिछले मैच के प्लेयर ऑफ द मैच को बाहर कर दिया गया।

IND vs BAN Kuldeep Yadav: भारत और बांग्लादेश के बीच ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है जहां पर भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने एक फैसले से मामला सनसनीखेज बना दिया है। दरअसल जब केएल राहुल और शाकिब अल हसन टॉस के लिए आए तो पता चला कि भारत ने पिछले मैच में 8 विकेट लेने वाले और प्लेयर ऑफ द मैच खिलाड़ी कुलदीप यादव को बाहर करके जयदेव उनादकट को टीम में जगह दी है।

कुलदीप यादव को कर दिया बाहर
भारत इस मैच में तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरा है लेकिन कुलदीप यादव को इसकी भरपाई अपनी जगह गंवाकर करनी पड़ी है। कुलदीप पिछले मैच के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज थे और उन्होंने पहली पारी में जिस तरीके से 5 विकेट लिए थे उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है लेकिन टीम इंडिया ने इस खिलाड़ी के आत्मविश्वास को एक बार फिर से चोट पहुंचाते हुए यह कठिन फैसला किया जिस पर हर कोई हैरानी जता रहा है। 22 महीने बाद कुलदीप यादव ने टीम में वापसी की थी लेकिन उसके बावजूद सब कुछ सही करने के बाद भी वह भारतीय टीम में अपनी जगह नहीं बना पा रहे हैं।

बाहर करना किसी को समझ में नहीं आ रहा
कुलदीप अभी भी युवा खिलाड़ी हैं और इन सब चीजों की वजह से उनकी मानसिक स्थिति पर फर्क पड़ना भी तय है। सोशल मीडिया पर कुलदीप यादव को बाहर करने को लेकर हैरानी भरे रिएक्शन आ रहे हैं। सभी का कहना यही है कि पहले मैच में उनको प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया लेकिन दूसरे मैच में कोई भी जगह नहीं मिली और यह कुलदीप यादव की स्टोरी है। अधिकतर रिएक्शंस में जयदेव उनादकट को टीम में लेने पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई है क्योंकि उनको शानदार घरेलू परफॉर्मेंस का इनाम मिला है लेकिन कुलदीप यादव को बाहर करना किसी को समझ में नहीं आ रहा है।

कुलदीप यादव होना आसान नहीं
यह हाल तब है जब रविचंद्रन अश्विन ने पिछले मैच में काफी औसत गेंदबाजी की थी और अक्षर पटेल भी पहली पारी में कुछ खास नहीं कर पाए थे। अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के आगे ऑलराउंडर का तमगा लगा है जिसके चलते भारतीय टीम ने इन दोनों खिलाड़ियों के लिए सॉफ्ट कॉर्नर दिखाया है लेकिन सच यह है कि कुलदीप ने भी पिछले मैच में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली थी। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज डोडा गणेश कहते हैं कि यह कुलदीप यादव के साथ क्यों होता है। आप उनके साथ बार-बार ऐसा नहीं कर सकते। कृपया कोई उनके पास जाए और बताएं कि अपना दिल अभी छोटा मत कीजिए। हां यह मुश्किल होगा कि कुलदीप यादव होना आसान नहीं है।
Recommended Video


लगातार मौका दिए जाने की हकदार थे
सारंग भालेराव कहते हैं कि कुलदीप यादव को चट्टोग्राम में मैन ऑफ द मैच दिया गया था और इस मैच में जगह नहीं मिली है। आप तिहरा शतक ठोक कर भी अभी टेस्ट मैच से ड्रॉप हो जाते हैं। मुश्किल फैसले लेना कठिन जरूर है लेकिन असंभव नहीं है। परफॉर्मेंस को व्यक्तिगत चीजों से दूर रखना चाहिए। कुलदीप यादव अपनी लय में दिखाई दे रहे थे और वे लगातार मौका दिए जाने की हकदार थे।












Click it and Unblock the Notifications