हार्दिक पांड्या मामले पर ट्रोल होने के बाद BCCI ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों दिया बिना खेले अनुबंध
Hardik Pandya: बीसीसीआई का वार्षिक अनुबंध घोषित होने के बाद काफी बवाल हुआ है। इसके पीछे कारण ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को बाहर करना है। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या को पिछले छह माह से नहीं खेलने के बाद अनुबंध देने पर सवाल खड़े हैं।
इरफ़ान पठान ने तो खुलकर कहा है कि हार्दिक पांड्या अगर सफेद गेंद क्रिकेट में घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेलते हैं, तो उनके लिए भी नियम यही होना चाहिए। फैन्स ने भी सवाल उठाया है कि हार्दिक पांड्या को क्यों वार्षिक अनुबंध वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया गया है।

इस बीच बीसीसीआई की तरफ से हार्दिक को अनुबंध में शामिल करने का कारण बताया गया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा है कि हमने पांड्या के साथ चर्चा की थी। उपलब्ध होने पर उनको सफेद गेंद में घरेलू क्रिकेट खेलने को कहा गया है।
बोर्ड अधिकारी ने आगे कहा कि मेडिकल असेसमेंट के आधार पर इस समय पांड्या रेड बॉल क्रिकेट में गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। रणजी ट्रॉफी में खेलना उनके लिए संभव नहीं है। भारत के मैच जब नहीं होंगे, तो वह सफेद गेंद क्रिकेट में घरेलू मुकाबले खेलेंगे। अगर ऐसा नहीं करेंगे, तो वह भी अनुबंध से बाहर होंगे।
सवाल इस बात को लेकर भी खड़े हुए हैं कि पांड्या ने वर्ल्ड कप के बाद से एक भी मैच नहीं खेला है, तो उनको ग्रेड A अनुबंध क्यों दिया गया है। हालांकि चोट के दौरान वह लगातार नेशनल क्रिकेट एकेडमी में जाते रहे हैं। यह गतिविधि उनके पक्ष में गई है। उन्होंने डीवाई पाटिल टी20 कप से मैदान पर वापसी की है और आईपीएल में भी खेलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications