कौन हैं जिम्बाब्वे के क्रिकेट लीजेंड हीथ स्ट्रीक, जिनके निधन की अफवाह से मचा हंगामा
जिम्बाब्वे के पूर्व तेज गेंदबाज हेनरी ओलोंगा ने अपने साथी क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक के कथित निधन के बारे में अटकलों को दूर कर दिया है। कुछ घंटों पहले ही ओलोंगा ने स्ट्रीक के निधन के बारे में ट्वीट किया था, लेकिन बाद में उन्होंने ट्वीट को डिलीट कर दिया और कहा कि स्ट्रीक जीवित हैं और स्वस्थ हैं।
ओलोंगा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश में कहा, "हीथ स्ट्रीक के निधन की अफवाहें बहुत बढ़ा-चढ़ा कर बताई जा रही हैं। मैं अभी उनसे बात कर रहा था। 'थर्ड अंपायर' ने उन्हें वापस बुला लिया है। वह बिल्कुल जीवित हैं।"

इससे पहले ओलोंगा ने एक्स पर ही एक ट्वीट में कहा था, "दुखद खबर आ रही है कि हीथ स्ट्रीक इस दुनिया को छोड़कर चले गए हैं। जिम्बाब्वे के क्रिकेट लीजेंड को श्रद्धांजलि।"
ओलोंगा के इस ट्वीट के बाद क्रिकेट प्रेमियों में निराशा और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि, ओलोंगा के इस स्पष्टीकरण के बाद स्ट्रीक की हेल्थ को लेकर लोगों के मन में जो शंका थी, वह दूर हो गई है। स्ट्रीक जिम्बाब्वे के सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में से एक थे।
वे एक कप्तान, तेज गेंदबाज, निचले क्रम के ठोस बल्लेबाज थे। उन्होंने जिम्बाब्वे के गोल्डन पीरियड यानी 90 के दशक के अंत में अपनी टीम की शानदारी कप्तानी की। अफ्रीकी ऑलराउंडर ने 65 टेस्ट और 189 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 4933 रन बनाए हैं और 455 विकेट लिए हैं।
स्ट्रीक जिम्बाब्वे के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट में 1000 रन और 100 विकेट लिए हैं, साथ ही वनडे में 2000 रन और 200 विकेट लिए हैं। टेस्ट में उनके नाम 28.14 के औसत के साथ 216 विकेट, 22.35 के औसत के साथ 1990 रन थे। वनडे में उन्होंने 29.8 के औसत के साथ 239 विकेट लिए और इतने ही औसत के साथ शानदार 2943 रन बनाए।
उस समय स्ट्रीक सरीखे ऑलराउंडर विश्व क्रिकेट में ज्यादा नहीं थे। यह वो समय था जब भारत एक अदद ऑलराउंडर की कमी से जूझ रहा था। दक्षिण अफ्रीका के पास भी ऑलराउंडरों की भरमार के बावजूद तब शॉन पोलाक ही भरोसेमंद हरफनमौला थे।
स्ट्रीक का करियर और लंबा हो सकता था, लेकिन बाद में रॉबर्ट मुगाबे के आगमन ने जिम्बाब्बे क्रिकेट के तानेबाने को खासा प्रभावित किया। खेल प्रशासन और मुगाबे की रणनीतियों से स्ट्रीक भी कम खफा नहीं थे। उन्होंने आगे जिम्बाब्वे के लिए नहीं खेला।
ये भी पढ़ें- Heath Streak: जिम्बाब्वे के दिग्गज क्रिकेटर की मौत की खबर निकली अफवाह, सच आ गया सामने
स्ट्रीक के परिवार ने पहले ही कहा था कि दिग्गज क्रिकेटर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है। बताया गया था कि उनको कैंसर है, लेकिन वे इस बीमारी से उसी तरह से लड़ेंगे, जैसे उन्होंने खेल के मैदान पर अपनी चुनौतियों से खुद को पार किया।
स्ट्रीक अपनी मौत की खबर सुनकर आहत भी हैं। उन्होंने एक बयान में कहा है, यह पूरी तरह से अफवाह और झूठ है - मैं जीवित हूं और ठीक हूं, मुझे यह जानकर बहुत दुख हुआ कि किसी के गुजर जाने जैसी बड़ी बात बिना पुष्टि के फैलाई गई, खासकर हमारे समय में, मेरा मानना है कि सोर्स को माफी मांगनी चाहिए, मैं इससे आहत हूं।"












Click it and Unblock the Notifications