Asia Cup जीतने के बाद सरेआम फैंस से भिड़ गए थे शाहिद अफरीदी, एयरपोर्ट पर हाथापाई, वीडियो वायरल
Asia Cup 2012, Shahid Afridi Video Viral: भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में 14 सितंबर को मैच होना है। इस एशिया कप मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का एक पुराना वीडियो फिर से चर्चा में है। यह वीडियो साल 2012 का है, जब अफरीदी कराची एयरपोर्ट पर फैंस के साथ हाथापाई करते हुए नजर आए थे।
पाकिस्तान ने 2012 में जीता था एशिया कप (Asia Cup 2012, Shahid Afridi Video Viral)
दरअसल, पाकिस्तान ने 2012 में एशिया कप का खिताब जीता था। बांग्लादेश को शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम मीरपुर में हराकर पाकिस्तान ने केवल दो रनों से रोमांचक जीत दर्ज की थी। इस जीत के बाद अफरीदी टीम के साथ ढाका से कराची लौटे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए काफी संख्या में फैंस मौजूद थे। इसी दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया।

सरेआम फैंस से भिड़ गए थे अफरीदी
रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ फैंस बार-बार अफरीदी से ऑटोग्राफ मांगते रहे। वहीं, एक अन्य दावा यह भी किया गया कि अफरीदी की बेटी को भीड़ में धक्का लगा, जिसके बाद उन्होंने अपना आपा खो दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि अफरीदी ने एक फैन को धक्का दिया और किक मारने की कोशिश की। इस बीच अन्य लोग बीच-बचाव के लिए आ गए और मामला शांत कराया गया।
दमदार रहा था प्रदर्शन
यह घटना उस समय काफी सुर्खियों में रही थी। अफरीदी ने न सिर्फ फैन को धक्का दिया बल्कि एक अन्य शख्स को भी फटकार लगाई और थप्पड़ मारने की धमकी दी। अंत में वे अपनी कार में बैठकर एयरपोर्ट से रवाना हो गए। साल 2012 एशिया कप में अफरीदी का प्रदर्शन शानदार रहा था। फाइनल में उन्होंने 22 गेंदों पर 32 रन बनाए और गेंदबाजी में 10 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर एक विकेट लिया।












Click it and Unblock the Notifications