वेस्टइंडीज लीजेंड ने की जसप्रीत बुमराह की तारीफ, 'जेनरेशनल टैलेंट' करार दिया
नई दिल्ली, 16 जनवरी: जसप्रीत बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी की रीढ़ हैं और उनकी परफॉर्मेंस हाल ही में काफी अच्छी रही है। जसप्रीत बुमराह ने पिंक बॉल टेस्ट मैच में 8 विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को अपनी स्पीड और स्विंग पर खूब छकाया था। वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह की परफॉर्मेंस की सराहना की है। बुमराह ने मोहाली और बेंगलुरु में खेले गए दो टेस्ट मैचों में 10 विकेट हासिल किए जिसमें पिंक बॉल टेस्ट में उन्होंने पहली बार भारतीय धरती पर एक पारी में पांच टेस्ट विकेट भी हासिल करने का कारनामा करके दिखाया।

भारतीय टीम ने पहला टेस्ट मैच एक पारी और 222 रनों से जीतने में कामयाबी हासिल की थी जबकि दूसरा मुकाबला 238 रनों से जीता। बुमराह के 5 विकेट पिंक बॉल टेस्ट मैच की पहली पारी में आए और उन्होंने श्रीलंका की बल्लेबाजी लाइनअप को अपनी चतुराई भरी गति और लंबाई के साथ ध्वस्त कर दिया। इयान बिशप ने ट्विटर पर बुमराह की तारीफ में भारी भरकम शब्द कहे हैं और उनको एक पूरी पीढ़ी की प्रतिभा करार दिया है।
इयान बिशप लिखते हैं यह आदमी जेनरेशनल टैलेंट है। भारत के पूर्व क्रिकेटर और वीवीएस लक्ष्मण ने भी हाल ही में बुमराह की परफॉर्मेंस के तारीफ की है। लक्ष्मण ने टेस्ट सीरीज जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई दी थी और जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की थी। लक्ष्मण ने लिखा था कि भारत ने शानदार तरीके से सीरीज जीती। श्रेयस अय्यर दोनों ही पारियों में बेहतर रहे। ऋषभ पंत मनोरंजन करने में बेस्ट थे और बुमराह ने एक बार फिर से अपनी क्लास दिखाई है।
तो दूसरी ओर मोहम्मद कैफ ने बुमराह के बारे में कहा था की टर्न लेती हुई पिचों पर भी बुमराह जैसे महान गेंदबाज विकेट लेने के तरीके ढूंढ लेते हैं। उनके पास कटर, हार्ड लेंथ, बाउंसर जैसी गेंदे हैं। पहले कपिल देव, जहीर खान यह काम करते थे और अब जसप्रीत बुमराह ऐसा कर रहे हैं।
बुमराह फिलहाल आईपीएल के लिए मुंबई इंडियंस कैम्प के साथ जुड़ चुके हैं। वे अब टेस्ट मैचों में इंग्लैंड के खिलाफ नजर आ सकते हैं जो जुलाई में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications