जानलेवा पिच के कारण बीच में रद्द हुआ मैच, सिर में गेंद लगने से बल्लेबाज की हालत खराब, अस्पताल में कराया भर्ती
वेस्टइंडीज चैंपियनशिप 2026 के तहत एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा एक बड़ा मुकाबला बीच में ही खत्म कर दिया गया। त्रिनिदाद एंड टोबैगो और लीवर्ड आइलैंड्स के बीच इस मैच को अंपायरों ने असुरक्षित घोषित कर दिया। खेल के तीसरे दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने क्रिकेट जगत को हिला कर रख दिया।
लीवर्ड आइलैंड्स की पारी के दौरान तेज गेंदबाज जेडन सील्स की एक गेंद बिजली की गति से उछली। बल्लेबाज जेरेमिया लुईस इस अप्रत्याशित उछाल के सामने बेबस दिखे और गेंद सीधे उनके हेलमेट से जा टकराई। चोट इतनी गंभीर थी कि लुईस को तुरंत स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर है।

पिच के खराब बर्ताव पर अंपायरों का फैसला
मैदान की पिच शुरुआत से ही असामान्य व्यवहार कर रही थी। महज दो दिनों के भीतर 27 बल्लेबाजों का आउट होना इसकी गवाही दे रहा था। गेंद कभी टखनों के पास रह रही थी तो कभी अचानक सिर की ऊंचाई तक पहुंच रही थी। जेरेमिया लुईस के घायल होने के बाद अंपायरों ने माना कि इस पिच पर खेलना किसी की जान जोखिम में डालने जैसा है, इसलिए मैच को फौरन रोक दिया गया।
मैच का नतीजा और टीमों को मिले अंक
मैच रेफरी और अंपायरों के बीच लंबी बातचीत के बाद इस मुकाबले को आधिकारिक रूप से ड्रॉ घोषित किया गया। क्रिकेट के नियमों के तहत, मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को अब तक के खेल के आधार पर मिले अंक बांट दिए गए। इस फैसले का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को गंभीर चोटों से बचाना था, क्योंकि पिच की मरम्मत खेल के बीच में संभव नहीं थी।
West Indies Cricket Needs To Seriously Work On It's Pitches And Prepare Safe Cricket Pitches pic.twitter.com/NjC1Uum4h3
— Aryan Goel 2.0 (@AryanGoelNew) April 21, 2026
क्रिकेट बोर्ड की सख्त कार्रवाई और भविष्य
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इस लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लिया है। बोर्ड ने घोषणा की है कि सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में अब चैंपियनशिप का कोई भी मैच नहीं होगा। इस मैदान को अब केवल मई में होने वाले फाइनल के लिए तैयार किया जाएगा। पिच क्यूरेटर और ग्रांउड स्टाफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी खतरनाक स्थिति दोबारा पैदा न हो।












Click it and Unblock the Notifications