Champions Trophy 2025: 'हर संभव प्रयास करेंगे,' चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा ने फैंस से किया बड़ा वादा
Champions Trophy 2025: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के 2025 सीजन में भारत का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं, जो 19 फरवरी से 9 मार्च तक खेला जाना है। रोहित शर्मा का लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी को वानखेड़े स्टेडियम में लाना है।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के आगामी 2025 सीजन को जीतने के लिए जी तोड़ मेहनत करने के लिए तैयार है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण, टीम इंडिया पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगी और इसके बजाय दुबई में अपने मैच खेलेगी।

बांग्लादेश के खिलाफ होगी भारत के अभियान की शुरुआत
आठ साल बाद वापसी कर रहे आईसीसी टूर्नामेंट में भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा और फिर रविवार 23 फरवरी को हाई-वोल्टेज मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा।
भारत का तीसरा और अंतिम ग्रुप-A मैच 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला है। रविवार (19 जनवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं सालगिरह के जश्न के दौरान रोहित शर्मा ने फैंस से एक बड़ा वादा किया।
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा ने फैंस से किया वादा
रोहित ने कहा कि, 'हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश करेंगे। किसी भी आईसीसी ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना हमेशा एक सपना होता है। हम एक और सपने की ओर बढ़ेंगे। मुझे यकीन है कि जब हम दुबई पहुंचेंगे, तो 140 करोड़ लोग हमारे पीछे होंगे। रोहित ने रविवार को कहा कि, 'हम वानखेड़े में फिर से ट्रॉफी लाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।'
रोहित शर्मा को नवंबर 2021 में पूर्णकालिक आधार पर भारत के कप्तान के रूप में नियुक्त किया गया था, जिन्होंने पिछले साल मेन इन ब्लू को टी 20 वर्ल्ड कप खिताब जीत दिलाई थी। भारत ने सबसे छोटे फॉर्मेट के मेगाइवेंट के सभी आठ मैच जीते और टूर्नामेंट के इतिहास में 100% जीत के रिकॉर्ड के साथ खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई।
ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए दुबई की यात्रा करने से पहले, भारत इंग्लैंड से पांच मैचों की T20I और तीन मैचों की ODI सीरीज़ में भिड़ेगा। T20I सीरीज का पहला मैच 22 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाला है। सूर्यकुमार यादव सबसे छोटे फॉर्मेट की सीरीज में भारत का नेतृत्व करेंगे, जबकि मेजबान रोहित के नेतृत्व में ODI सीरीज खेलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications