'हम IPL से पैसा कमाने के बारे में नहीं सोच रहे थे', पहले आईपीएल ऑक्शन को लेकर सहवाग ने तोड़ी चुप्पी
Virender Sehwag on 1st IPL auction: भारतीय टीम के पूर्व ताबड़तोड़ सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पहली बार हुए आईपीएल ऑक्शन को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है।

Virender Sehwag on 1st IPL auction: महिला आईपीएल ऑक्शन खत्म होने के बाद हर तरफ इस नीलामी की चर्चाएं हो रही है। पहली बार आयोजित की गई महिला प्रीमियर लीग के पहले ऑक्शन में कुल 20 खिलाड़ियों को एक करोड़ या इससे अधिक रकम मिली। महिला आईपीएल ऑक्शन में भारतीय महिला सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 3.40 करोड़ के साथ सबसे महंगी खिलाड़ी बनीं। मंधाना को आरसीबी की टीम ने खरीदा है।

आईपीएल से कई खिलाड़ी बने करोड़पति
कई भारतीय क्रिकेटरों को आईपीएल ने करोड़पति बनाने का काम किया था। पूरी दुनिया भर में आईपीएल की ब्रांड वेल्यू दूसरे लीग से बहुत ज्यादा है। लेकिन जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी तो शायद ही किसी ने सोचा था कि यह लीग इतनी पॉपुलर हो जाएगी। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पहली बार आईपीएल ऑक्शन को याद करते हुए कुछ बातों को याद किया।

वीरेंद्र सहवाग ने सुनाया पुराना किस्सा
आईपीएल के पहले ऑक्शन के समय भारतीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गए थे। सहवाग ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी खिलाड़ी मैच की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान आईपीएल लीग के बारे में जानकारी मिली। आईपीएल को लेकर खिलाड़ी काफी कंफ्यूज थे, उनके दिमाग में कई तरह के सवाल घूम रहे थे। खिलाड़ियों को डर था कि इस लीग से उनके क्रिकेट करियर पर नकारात्मक प्रभाव ना पड़े।

शास्त्री-गावस्कर ने खिलाड़ियों को दिया भरोसा
वीरेंद्र सहवाग ने बताया कि सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि यह लीग उनके लिए फायदेमंद साबित होगा। स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम द इंक्रेडिबल अवॉर्ड्स पर बात करते हुए कहा कि सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने हमें पहली बार इसके बारे में बताया था और कहा था कि इंडियन प्रीमियर लीग होने जा रही है और वो लोग हमसे हमारे राइट्स मांग रहे हैं। उन्होंने हमें भरोसा दिलाया कि आने वाले वक्त में यह भारतीय क्रिकेट के लिए काफी बड़ा होने वाला है।

पैसों के बारे में नहीं सोच रहे थे खिलाड़ी
जब पहली बार आईपीएल का ऑक्शन का आयोजन किया गया तो उस दौरान खिलाड़ी पैसों के बारे में नहीं सोच रहे थे। सहवाग ने कहा कि पैसा उस समय हमारे लिए सेकेंडरी चीज थी, लेकिन हमें इस बात का एहसास नहीं था कि यह लीग इतने सारे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देगी। आईपीएल ने भारत सहित दुनियाभर में कई खिलाड़ियों को स्टार बनाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications