वीरेंदर सहवाग को ICC ने दिया बड़ा सम्मान, संन्यास के 8 साल बाद तेंदुलकर-द्रविड़ के क्लब में शामिल
ICC Hall of fame: भारत के पूर्व धुरंधर ओपनर बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग को आईसीसी ने एक बड़ा सम्मान दिया है। इसके वह हकदार भी हैं। संन्यास के आठ साल बाद सहवाग को आईसीसी ने एक बड़े क्लब में शामिल कर लिया है। उनके साथ इस सम्मान के लिए दो और खिलाड़ी भी शामिल हैं।
सहवाग को आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किया गया है। उनके अलावा पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर डायना एडुल्जी को भी यह सम्मान मिला है। श्रीलंका के अरविंदा डी सिल्वा इस लिस्ट में तीसरा नाम है। तीनों के नामों का ऐलान आईसीसी द्वारा किया गया है।

क्रिकेटरों की उपलब्धियों को पहचान देने के लिए आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम शुरू किया गया था। कई खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया जा चुका है। भारतीय टीम से राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर का नाम इसमें पहले से शामिल है। संन्यास के 5 साल बाद ही यह सम्मान दिया जाता है। 5 साल से पहले हॉल ऑफ़ फेम में शामिल नहीं किया जाता।
सहवाग ने टीम इंडिया के लिए 104 टेस्ट खेलकर 8586 रन बनाए। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने कुल 251 मैच खेलकर 8274 रन बनाए। टी20 क्रिकेट में वह ज्यादा नहीं खेले लेकिन 19 मैचों में 394 रन उनके नाम दर्ज हैं। इन आंकड़ों के कारण उनको हॉल ऑफ़ फेम में जगह मिली। टेस्ट में उन्होंने 40 और वनडे में 96 विकेट झटके।
डायना एडुल्जी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 20 टेस्ट मैच खेलकर कुल 404 रन बनाए। वनडे में उन्होंने 34 मैच खेलकर 211 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में डायना ने 63 विकेट अपने नाम किये थे। एकदिवसीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 46 विकेट है।
श्रीलंका के लिए अरविंदा डी सिल्वा ने कुल 93 टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 6361 रन बनाए इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उन्होंने 308 मैचों में श्रीलंकाई टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने कुल 9284 रन बनाए। डी सिल्वा ने वनडे में 106 विकेट भी झटके। टेस्ट में उन्होंने 29 विकेट झटके।
भारत से बिष्ण सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़ जैसे क्रिकेटरों को आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम में जगह मिली थी। अब इस लिस्ट में दो नाम और जुड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications