पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली के बल्ले से होती है रनों की बौछार, टी-20 में कमाल के हैं आंकड़े
रन मशीन के नाम के मशहूर भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली लंबे समय से फॉर्म की तलाश कर रहे हैं।
नई दिल्ली, 12 अगस्त। रन मशीन के नाम के मशहूर भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली लंबे समय से फॉर्म की तलाश कर रहे हैं। साल 2019 नवंबर से विराट कोहली के बल्ले से कोई शतक नहीं निकला है। अब तो हालात ऐसे हैं कि विराट कोहली के टीम में होने पर भी कई पूर्व क्रिकेटर सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे में कोहली के पास एशिया कप के जरिए फॉर्म में वापसी करने का बेहतरीन मौका होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार है रिकॉर्ड
विराट कोहली अब एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलते दिखाई देंगे। यहां कोहली के पास फॉर्म में वापसी करने का मौका होगा। पाकिस्तान के खिलाफ कोहली का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 7 टी-20 मैच में 77.75 की शानदार औसत से 311 रन बनाए हैं। ऐसे में कोहली इस बार भी पाक के खिलाफ रनों की बौछार कर सकते हैं।

पाक के खिलाफ टी-20 में जड़ चुके हैं तीन अर्धशतक
विराट कोहली के नाम पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में तीन अर्धशतक है। कोहली भले ही इस समय फॉर्म में न हों, लेकिन बाबर आजम की टीम जानती है कि वह पाकिस्तान के लिए कितने खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। कोहली का बल्ला अगर एशिया कप में चला तो यह भारतीय टीम के लिए भी अच्छी खबर होगी। कोहली के फैंस लंबे समय से अपने इस पसंदीदा बल्लेबाज के बल्ले से रनों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

एशिया कप में खूब चला है कोहली का बल्ला
एशिया कप में विराट कोहली के बल्ले से हर बार टीम के लिए रन निकले हैं। एशिया कप के टी-20 फॉर्मेट में अब तक खेले गए चार मुकाबलों में विराट कोहली ने 76.50 के शानदा औसत से 153 रन बनाए हैं। इस दौरान 56 रन की पारी उनकी सबसे अधिक रनों की पारी रही है। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ ही अपने वनडे करियर का सार्वधिक 183 रन बनाए थे, जो कि एशिया कप में ही आए थे।

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले कोहली का फॉर्म में आना जरूरी
टी-20 वर्ल्ड कप में ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में विराट कोहली का फॉर्म में आना भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी बन गया है। कोहली अगर आने वाले मुकाबलों में भी बल्ले से रन बनाने में नाकाम रहते हैं तो टीम में बने रहना उनके लिए काफी मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, अब तक कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ ने कई बार कोहली का बचाव किया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आखिर कोहली के बल्ले से रनों की बारिश कब होती है।












Click it and Unblock the Notifications