IND vs SA: विराट कोहली को याद आयी धोनी की करियर बदलने वाली सलाह, ऋषभ पंत को मिली चेतावनी

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जाना है, जहां पर दोनों टीम सीरीज को अपने कब्जे में करने के इरादे से उतरेंगी। सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने सेंचुरियन का किला फतेह किया था और 113 रनों की ऐतिहासिक जीत हासिल कर सिर्फ दूसरी बार सीरीज में बढ़त हासिल की थी, वहीं पर सीरीज के दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने वापसी की और जोहान्सबर्ग के मैदान पर पहली बार भारत को हराकर 7 विकेट से जीत हासिल की। जोहान्सबर्ग टेस्ट के दौरान भारतीय टीम को कई चीजों की कमी खली जिसमें भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली की गैर मौजूदगी और टीम के पांचवे गेंदबाज मोहम्मद सिराज का चोटिल होना रहा।
और पढ़ें: IPL 2022: अहमदाबाद ने अय्यर को दिखाया ठेंगा, हार्दिक पांड्या बनेंगे कप्तान, नेहरा भी करेंगे वापसी
हालांकि इसके अलावा भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने भी जोहान्सबर्ग में काफी निराश किया जिसके बाद चारों तरफ उनकी आलोचना हो रही है। जोहान्सबर्ग टेस्ट में भारतीय टीम पहली पारी में महज 202 रन पर सिमट गई तो वहीं पर दूसरी पारी में वो सिर्फ 239 रनों की बढ़त हासिल कर सकी। दोनों पारियों में भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाजों ने निराश किया, हालांकि मैच के तीसरे दिन जिस चीज पर सबसे ज्यादा चर्चा हुई वो थी ऋषभ पंत की बल्लेबाजी, जो महज 3 गेंद खेलकर बिना खाता खोले वापस लौटे।

ऋषभ पंत के शॉट पर लगातार हो रही है चर्चा
दरअसल जोहान्सबर्ग टेस्ट में जब ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने आये तो भारतीय टीम की हालत काफी खराब थी और उसने कगिसो रबाडा के लगातार दो ओवर्स में अपने दो अनुभवी और अर्धशतक लगा चुके बल्लेबाजों (अजिंक्य रहाणे (58) और चेतेश्वर पुजारा (53)) का विकेट खो दिया था। ऐसे में टीम को एक और अच्छी साझेदारी की जरूरत थी जो कि पंत के बल्ले से आ सकती थी। हालांकि जब पंत बल्लेबाजी करने पहुंचे तो सिली प्वाइंट पर खड़े रैसी वैन डार दुसैं के साथ उनकी बहस हो गई और तीसरी ही गेंद पर वो शॉर्ट बॉल पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे।
ऋषभ पंत का यह शॉट इस समय खेल जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या इस युवा बल्लेबाज को ऐसे नाजुक मौके पर इसे खेलने की जरूरत थी या फिर यह शॉट उनके गैर जिम्मेदाराना नेचर की तरफ इशारा करता है। अब इस मुद्दे पर भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी राय दी है।

पंत के शॉट पर क्या बोले विराट कोहली
मैच से एक दिन पहले की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विराट कोहली ने मीडिया से बात करते हुए इस टॉपिक पर अपनी राय दी और कहा कि किसी दूसरे व्यक्ति के बताने से पहले एक बल्लेबाज खुद ये बात जानता है कि उसके लिये वह शॉट खेलना सही था या नहीं, ऐसे में आपको उस वक्त खिलाड़ी की मानसिकता क्या थी इस को भी समझना जरूरी होता है।
उन्होंने कहा,'हमने इसको लेकर ऋषभ पंत के साथ अभ्यास के दौरान काफी बात की है। किसी और के बताने से पहले एक बल्लेबाज खुद इस बात को जानता है कि जिस शॉट को खेलकर वो आउट हुए हैं वो सही था या गलत। यहां पर इस बात को समझना जरूरी है कि जब बल्लेबाज ने वो शॉट खेला तो उस वक्त उसकी मानसिकता क्या थी। इस खेल को मशीनें नहीं इंसान खेलते हैं, जिस वजह से हर किसी से गलतियां होती हैं।'

जानें क्या थी धोनी की विराट को सलाह
विराट कोहली ने इस दौरान पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी याद किया और बताया कि गलतियों को लेकर उन्होंने जो सलाह दी उसे कैसे कप्तान ने अपने साथ अब तक रखा हुआ है और यही सलाह उन्होंने ऋषभ पंत को भी आगे बढ़ने के लिये दी है।
उन्होंने कहा,'धोनी भाई ने एक बार मुझसे कहा था कि हम सभी गलतियां करते हैं, इसमें कुछ भी गलत नहीं है लेकिन हमें एक चीज का ध्यान रखना होगा कि एक ही गलती को दोबारा दोहराने से पहले हमारे खेल में कम से कम 7-8 महीने का अंतर होना चाहिये। अगर आप ऐसा कर पाते हैं तभी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक लंबे करियर की उम्मीद रख सकते हैं। माही भाई की वो सलाह आज तक मेरे साथ है और मैं उसे ही अपनाने की कोशिश करता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications