IND vs SL: शतकों के सूखे पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, बताया किस वजह से नहीं आ रही बड़ी पारी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है, जिसका पहला मैच मोहाली के मैदान पर खेला जा रहा है। श्रीलंका के खिलाफ खेला जा रहा यह पहला मैच कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हो रहा है। जहां पर श्रीलंका की टीम इस मैच के साथ टेस्ट क्रिकेट के अपने 300 मैच पूरे कर रही है, तो वहीं पर रोहित शर्मा की कप्तानी में टेस्ट क्रिकेट के एक नये अध्याय की शुरुआत भी हो रही है। वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी इस मैच में टेस्ट क्रिकेट का अपना 100वां मैच पूरा किया और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं।

विराट कोहली के करियर के इस ऐतिहासिक मौके पर कई फैन्स को उम्मीद थी कि वो 2 साल से चले आ रहे शतकों के सूखे को मिटाकर इसे और भी ऐतिहासिक बना देंगे, पर ऐसा हुआ नहीं। विराट कोहली मैदान पर उस वक्त आये जब भारतीय टीम मुश्किलों का सामना कर रही थी और उन्होंने बेहतरीन साझेदारी कर टीम को उससे बाहर निकाला। कोहली अच्छी लय में खेलते हुए 45 रन बना चुके थे और फैन्स को लग रहा था कि वो आज सूखे को मिटा देंगे लेकिन ऐसा हुआ नही और वो एम्बुलदेनिया की गेंद पर बोल्ड होकर वापस लौट गये।

यह उम्मीद लगाने वाले लोगों की गलती है
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली ने नवंबर 2019 के बाद से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक कोई शतक नहीं लगाया है, जिसकी वजह से फैन लंबे समय से उनकी बड़ी पारी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि उनका इंतजार अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इस दौरान विराट कोहली ने कई अहम पारियां खेली हैं और अर्धशतक भी लगाये हैं लेकिन टीम के लिये शतक नहीं लगा सके हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोहली से बात की गई तो उन्होंने शतक के सूखे के बारे में भी सवाल किया गया, जिसको लेकर विराट कोहली ने पहली बार जवाब दिया और कहा कि वो अपना दिन लगाकर खेल रहे हैं और अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद फैन्स उनके शतक नहीं लगाने को लेकर शिकायत कर रहे हैं तो यह उनकी उम्मीदों का असर है।
मैच के बाद उन्होंने कहा,'जब तक मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं और बेहतरीन खेल रहा हूं, मुझे इन सब बातों से कोई दिक्कत नहीं है। लोग नये रिकॉर्ड की ओर देखते हैं और उसके बारे में बाते करते हैं लेकिन यह सब बाहर की बात है। मैं इस बात को अच्छे से जानता हूं कि मैंने पिछले कुछ समय में अच्छी साझेदारियां की है। मेरा नजरिया दूसरों के देखने को नजरिये से काफी अलग है, तो अगर लोग मुझे मैच दर मैच बड़ा स्कोर बनाते हुए नहीं देख रहे हैं, तो यह उनकी उम्मीदों का असर है जो वो मुझसे लगा बैठे हैं, शायद हमने जो पैमाना खड़ा किया है यह उसका नतीजा है।'

मैं अब भी अच्छी बैटिंग कर रहा हूं
गौरतलब है कि भले ही विराट कोहली अपनी इस पारी को बड़ी शतकीय पारी में नहीं बदल सके हों, लेकिन अपनी इस पारी के दौरान भी उन्होंने टेस्ट क्रिकेट का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 38 रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में 8 हजार रनों के आंकड़े को पार कर लिया और दिग्गजों की फेहरिस्त में शुमार हो गये।
कोहली ने आगे कहा,'मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा था और इसी वजह से वहां पर उम्मीदें बनी हुई है। पर इसका मतलब यह नहीं है कि मैं अब खराब प्रदर्शन कर रहा हूं। यहां तक कि आज भी जब 90 रनों की साझेदारी की गई तो वो हमारे लिये जरूरी थी क्योंकि हमारी टीम उस वक्त 80 रन पर 2 विकेट खो चुकी थी। मैं आंकड़ो और रिकॉर्ड को लेकर बहुत ज्यादा परेशान नहीं होता। कुछ बाते हो रही हैं, जो कि हमेशा ही होती रहती है और लोग न जाने क्यों रिकॉर्ड और आंकड़ों के पीछे इतना ज्यादा पागल होते हैं। निजी तौर पर मुझे यह पसंद नहीं है। मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं। यही मेरे लिये जरूरी है।'

ऐसा रहा पहले दिन का खेल
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिये हैं। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (33) और मयंक अग्रवाल (29) ने पहले विकेट के लिये 52 रनों की साझेदारी की, लेकिन पुल शॉट मारते हुए रोहित अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद मयंक अग्रवाल भी ज्यादा रन नहीं जोड़ सके और स्कोर में 28 रन जोड़ने के बाद वापस पवेलियन लौट गये। हनुमा विहारी (58) ने अर्धशतक लगाकर विराट कोहली के साथ 90 रनों की साझेदारी की लेकिन कोहली के आउट होने के बाद वो भी पवेलियन लौट गये। ऋषभ पंत (96) ने पहले अय्यर (27) के साथ 53 रनों की साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाया तो वहीं पर फिर जडेजा के साथ 104 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया, हालांकि वो अपना शतक पूरा करने से 4 रन से दूर रह गये। दिन का खेल खत्म होने तक रविंद्र जडेजा (45) और रविचंद्रन अश्विन (10) 27 रनों की साझेदारी कर मैदान पर टिके हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications