कप्तान बुमराह या कोहली? इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले देखने को मिला ये नजारा
इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहली पारी में शानदार स्कोर खड़ा कर लिया है। पहली पारी में टीम इंडिया 416 के स्कोर पर ऑलआउट हुई।
एजबेस्टन, 2 जुलाई: इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहली पारी में शानदार स्कोर खड़ा कर लिया है। पहली पारी में टीम इंडिया 416 के स्कोर पर ऑलआउट हुई। दूसरे दिन की शुरुआत भारत ने 338/7 के आगे से की थी और पहले सेशन में आखिरी के 3 विकेट पर 78 रन बनाए। इस दौरान रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने लाजवाब शतकीय पारी खेली और 104 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने भी केवल 16 गेंदों पर 31 रन की आतिशी पारी खेली।

पहले सेशन के दौरान इंग्लैंड की पारी का आगाज होने से पहले मैदान पर एक गजब का नजारा देखने को मिला। दरअसल, भारतीय खिलाड़ी जब मैदान पर आए तो कप्तान जसप्रीत बुमराह की जगह पूर्व कप्तान विराट कोहली साथी खिलाड़ियों से बातचीत करते नजर आए। बता दें कि, मैच में कोई भी पारी या नया सेशन शुरू होने से पहले टीम के सभी खिलाड़ी एक सर्किल बनाकर खड़े होते हैं और इस दौरान टीम का कप्तान साथी खिलाड़ियों को मोटिवेट करने के लिए कुछ बात करता है।
इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले यहां पर भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। हालांकि, कप्तान बुमराह की जगह विराट कोहली टीम के अन्य खिलाड़ियों से बातचीत करते नजर आए। सोशल मीडिया पर टीम इंडिया का ये फोटो काफी पसंद किया जा रहा और लगातार वायरल भी हो रहा है। कई फैंस ने तो यहां तक कहा है कि 'एक कप्तान हमेशा कप्तान ही रहता है।'
कोहली को बनाना चाहिए था कप्तान
एजबेस्टन टेस्ट के शुरू होने से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स का ये मानना था कि अब आखिरी टेस्ट मैच के लिए विराट कोहली की कप्तान बनाना चाहिए, क्योंकि पिछले साल इस सीरीज में टीम इंडिया कोहली की ही अगुआई में 2-1 से आगे थी और विराट के पास कप्तानी का अनुभव भी है। हालांकि, नियमों के मुताबिक उपकप्तान जसप्रीत बुमराह को ही रोहित की गैरमौजूदगी में कप्तानी करने का मौका मिला।












Click it and Unblock the Notifications