Virat Kohli ने की रिकी पोंटिंग के इस खास रिकॉर्ड की बराबरी, अब तेंदुलकर को पछाड़ने पर होगी नजर
एशिया कप 2022 के अपने आखिरी मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर आए विराट ने आते ही गेंदबाजों की क्लास लगाना शुरू कर दी।
नई दिल्ली, 8 सितंबर: एशिया कप 2022 के अपने आखिरी मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर आए विराट ने आते ही गेंदबाजों की क्लास लगाना शुरू कर दी। उन्होंने 61 गेंदों पर 122 रन की पारी खेली। इस दौरान किंग कोहली ने 12 चौके और 6 छक्के लगाए। विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर का 71वां शतक जड़ा। यह टी20 इंटरनेशनल में विराट का पहला शतक है। इसके साथ ही विराट ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग के खास क्लब में शामिल हो गए हैं। अब उनकी नजर सचिन तेंदुलकर को पछाड़ने पर होगी। कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 250 छक्के भी पूरे किए।

पोंटिंग के क्लब में शामिल हुए
अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ते ही विराट कोहली रिकी पोंटिंग के खास क्लब में शामिल हो गए। विराट कोहली ने अपने करियर में अब तक 71 शतक लगाए हैं वहीं रिकी पोंटिंग ने 71 और सचिन तेंदुलकर ने 100 शतक लगाए हैं। ऐसे में विराट कोहली ने रिंकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है। अब उनकी नजर तेंदुलकर के रिकॉर्ड पर होगी। विराट कोहली सबसे कम पारियों में 71 शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 522 पारियों में यह कारनामा किया है। वहीं इससे पहले तेंदुलकर ने 523 और पोंटिंग ने 652 पारियों में 71 शतक लगाए थे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक शतक
- सचिन तेंदुलकर: 100
- रिकी पोंटिंग: 71
- विराट कोहली: 71
- कुमार संगाकारा: 63
- जैक कैलिस: 62

T20I में शतक लगाने वाले छठे भारतीय
विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल, सुरेश रैना, दीपक हुड्डा और सूर्यकुमार यादव ने यह कारनामा किया है। केएल इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने T20I में एक से ज्यादा शतक लगाए हैं।

संगाकारा की बराबरी की
विराट कोहली ने आखिरी बार वनडे में 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया था। वहीं 22 नवंबर 2019 को कोलकाता में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट शतक लगाया था। आज अफगानिस्तान के खिलाफ विराट ने अपना पहला टी220 शतक जड़ा। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगाकारा की बराबरी कर ली है। संगाकारा ने एशिया कप में 4 शतक लगाए हैं वहीं विराट ने भी 4 सेंचुरी जड़ी हैं।
एशिया कप में सर्वाधिक शतक
- सनथ जयसूर्या: 6 शतक
- कुमार संगाकारा: 4 शतक
- विराट कोहली: 4 शतक
- शोएब मलिक: 3 शतक
- लाहिरु थिरिमाने: 2 शतक
- शिखर धवन: 2 शतक

इंटनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले एक्टिव प्लेयर
विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले एक्टिव प्लेयर हैं। उन्होंने टेस्ट में 27, वनडे में 43 और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक लगाया है। विराट कोहली के अलावा जो रूट ने 44 शतक, डेविड वॉर्नर ने 43 शतक, रोहित शर्मा ने 41 शतक और स्टीव स्मिथ ने 39 शतक लगाए हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में 24000 रन पूरे
अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतक जड़ने साथ ही विराट ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 24000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने यह कारनामा किया है। सचिन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34357 रन बनाए हैं वहीं द्रविड़ ने 24208 रन जड़े हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन
- सचिन तेंदुलकर: 34357
- कुमार संगाकारा: 28016
- रिकी पोंटिंग: 27483
- महिला जयवर्धने: 25957
- जैक कैलिस: 25534
- राहुल द्रविड़: 24208
- विराट कोहली: 24002












Click it and Unblock the Notifications