वैभव सूर्यवंशी से भिड़ने के बाद बैकफुट पर श्रीलंका! सीनियर क्रिकेटरों ने संपर्क कर मांगी माफ़ी
Vaibhav Sooryavanshi: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दाम्बुला में खेली जा रही ट्राई-सीरीज का मुकाबला सिर्फ क्रिकेट की वजह से नहीं, बल्कि मैदान पर हुए विवाद के कारण भी चर्चा में है। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हालामबागे के बीच हुई तीखी नोकझोंक ने दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार श्रीलंका के कुछ वरिष्ठ क्रिकेटरों ने वैभव सूर्यवंशी से संपर्क कर घटना पर खेद व्यक्त किया है। ये खिलाड़ी श्रीलंका ए टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन आईपीएल के दौरान वैभव के संपर्क में रहे हैं और उन्हें अच्छी तरह जानते हैं।

सूत्रों के मुताबिक विवाद की शुरुआत सोमवार के मैच से नहीं हुई थी। 9 जून को खेले गए पहले मुकाबले से ही विशेन हलमबागे लगातार वैभव को स्लेजिंग के जरिए परेशान करने की कोशिश कर रहे थे। दूसरे मैच में भी उन्होंने भारतीय बल्लेबाज पर लगातार टिप्पणियां कीं।
कुछ शब्दों से वैभव भड़क उठे
स्थिति तब और बिगड़ गई जब सुपर ओवर के दौरान भी हलमबागे ने वैभव को उकसाना जारी रखा। बताया जा रहा है कि उन्होंने भारतीय बल्लेबाज से कहा, "घर जाओ, यह आईपीएल नहीं है।" इस टिप्पणी के बाद माहौल और गर्म हो गया।
सुपर ओवर समाप्त होने के बाद हलमबागे ने वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और वैभव ने भी प्रतिक्रिया दी। हालांकि श्रीलंका के अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीच में आकर स्थिति को संभाल लिया और बड़ा विवाद टल गया।
ड्रेसिंग रूम में चर्चा
दिलचस्प बात यह है कि मैच के बाद श्रीलंकाई ड्रेसिंग रूम में भी इस घटना पर चर्चा हुई। कुछ खिलाड़ियों का मानना था कि भारतीय टीम से माफी मांगी जानी चाहिए थी। हालांकि आधिकारिक रूप से माफी मांगी या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखाया है कि वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्षी टीमों के लिए चर्चा का विषय बन चुके हैं। महज कम उम्र में उन्होंने जिस तरह अपनी बल्लेबाजी से पहचान बनाई है, उससे विरोधी खिलाड़ी भी उन पर खास नजर रख रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications