U19 WC 2022: आयरलैंड के मैच में भारतीय कोच पिला रहे हैं पानी, कप्तान समेत 6 खिलाड़ियों को हुआ कोरोना

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप में बुधवार को फैन्स उस समय हैरान रह गये जब भारत और आयरलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे विश्वकप मैच में टॉस के लिये कप्तान यश ढुल खेलने नहीं आये। आयरलैंड के खिलाफ इस मैच में निशांत सिंधु टीम की कमान संभाल रहे हैं, जिनके नेतृत्व में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। भारतीय टीम ने इस मैच में अच्छी शुरुआत की है और साउथ अफ्रीका के बाद आयरलैंड के खिलाफ लगातार दूसरे मैच जीत हासिल करने की ओर देख रही हैं लेकिन इस बीच भारतीय फैन्स को परेशान करने वाली खबर सामने आयी है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की खबर के अनुसार अंडर-19 विश्वकप के इस मैच के दौरान भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल और उप कप्तान एसके राशिद समेत 6 भारतीय खिलाड़ी कोरोना वायरस की चपेट में आ गये हैं। विश्वकप की तैयारियों में जीत की ओर देख रही भारतीय टीम के लिये यह बड़ा झटका साबित हो सकता है। उल्लेखनीय है कि कप्तान यश ढुल और उपकप्तान एसके राशिद को पहले ही क्वारंटीन कर दिया गया था।
और पढ़ें: बैटिंग कोच विक्रम राठौर पर भड़के आकाश चोपड़ा, भारत की खराब बल्लेबाजी का फोड़ा ठीकरा
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार इस मैच में भारतीय टीम के हेड कोच मैदान पर पानी पिलाते नजर आ रहे हैं, क्योंकि टीम के 6 खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। कोरोना पॉजिटिव पाये गये खिलाड़ियों में कप्तान यश ढुल के अलावा एसके राशिद, मानव प्रकाश, सिद्धार्थ यादव, आराध्य यादव और वासु वत्स का नाम शामिल है, जिन्हें अब क्वारंटीन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि आईसीसी ने सभी टीमों को 17 खिलाड़ियों के साथ अंडर 19 विश्वकप में हिस्सा लेने की इजाजत दी थी जिसकी वजह से भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ मैच में खेलने उतर सकी। बीसीसीआई के एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार मैच से पहले टीम के कुछ खिलाड़ी एक कोरोना संक्रमित प्लेयर्स के संपर्क में आये थे, जिसके बाद संपर्क में आये खिलाड़ियों को आइसोलेट कर दिया गया था। मैच के दौरान जब इन खिलाड़ियों की रिपोर्ट आयी तो उसमें यश ढुल समेत 6 खिलाड़ी पॉजिटिव पाये गये।
और पढ़ें: IND vs SA: विस्फोटक पारी के साथ धवन ने की टीम में वापसी, नाम की खास उपलब्धि
बीसीसीआई अधिकारी ने साफ किया आयरलैंड के खिलाफ होने वाले मैच से पहले टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थी, इस वजह से सभी खिलाड़ियों को क्वारंटीन कर दिया गया। आपको बता दें कि भारत ने साउथ अफ्रीका को पहले मुकाबले में जीत के साथ कैंपेन का आगाज किया था तो वहीं पर आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में उसे बचे हुए 11 खिलाड़ियों के साथ उतरना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम ने 46 ओवर्स में 3 विकेट खोकर 262 रन बना लिये हैं।












Click it and Unblock the Notifications