'रोहित, कोहली नहीं बल्कि उसके सामने होती है मुश्किल', बोल्ट ने बताया करियर का सबसे खतरनाक भारतीय बैटर
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को मौजूदा समय में दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिना जाता है, जो कि भारत में खेली जा रही इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम से खेल रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स ने 15वें सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और 5 मैचों में जीत हासिल कर चौथे पायदान पर कब्जा जमाये हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस शानदार सीजन के लिये उसके तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का भी अहम योगदान हैं जो कि पावरप्ले में अपनी टीम के लिये विकेट हासिल कर उसे मजबूती से आगे बढ़ने में मदद कर रहे हैं।

पिछले कुछ सालों में बोल्ट के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने मौजूदा समय में भारत के सबसे महान बल्लेबाजों विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल के खिलाफ काफी शानदार राइवलरी पेश की है। हालांकि जब उनसे भारत के सबसे मुश्किल बल्लेबाज का नाम पूछा गया जिसके खिलाफ उन्होंने गेंदबाजी की है तो उन्होंने एक ऐसा नाम चुना जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा हो।
और पढ़ें: IPL 2022 में 5 हार के बाद जीत की राह पर लौटी कोलकाता, खराब अंपायरिंग ने राजस्थान को हराया

रोहित, कोहली नहीं बल्कि इसके खिलाफ हुई मुश्किल
बोल्ट ने इस सवाल के जवाब में राजस्थान रॉयल्स में अपने साथी भारतीय खिलाड़ी करुण नायर का नाम लिया जिन्होंने बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिये कुछ यादगार पारियां खेली हैं। हैरानी की बात यह है कि बोल्ट ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर करुण नायर के खिलाफ कभी भी गेंदबाजी नहीं की है और न ही उन्हें कभी भी आईपीएल में उनके खिलाफ गेंदबाजी करने का मौका मिला है, हालांकि इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने इस बात पर जोर दिया है कि नेट सेशनस के दौरान करुण नायर ने जिस तरह से उनका सामना किया है वो उन्हें करियर का सबसे मुश्किल बल्लेबाज बनाता है।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए बोल्ट ने कहा,'मैंने करुण नायर के खिलाफ किसी भी मैच में गेंदबाजी नहीं की है लेकिन उनके पास ऐसी काबिलियत है जिससे वो नेटस पर मेरी ओर से फेंकी गई किसी भी गेंद को आसानी से मार देते हैं। तो मौजूदा समय में मैं करुण नायर का नाम लूंगा।'

तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बनें थे करुण नायर
गौरतलब है कि करुण नायर मौजूदा समय में किसी भी प्रारूप में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है। दांये हाथ के इस बल्लेबाज ने भारतीय टीम के लिये अपना आखिरी मैच साल 2017 में खेला था, जहां पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में खेले गये टेस्ट मैच में वो नजर आये थे। उन्होंने भारत के लिये 6 टेस्ट और 2 वनडे मैचों में प्रतिनिधित्व किया है और भारत की ओर से तिहरा शतक लगाने वाले महज दूसरे ही बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। करूण नायर ने यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के 5वें और आखिरी टेस्ट के दौरान किया था, जहां पर चेन्नई के मैदान पर खेले गये इस मैच में उन्होंने नाबाद 303 रनों की पारी खेली थी और भारतीय टीम को 75 रनों से जीत दिलाई थी। भारत ने इंग्लैंड को इस सीरीज में 4-0 से मात दी थी।

आईपीएल 2022 में नहीं रहा है शानदार प्रदर्शन
आईपीएल के 15वें सीजन में करुण नायर राजस्थान रॉयल्स के लिये अब तक सिर्फ 3 ही मैचों में खेलते हुए नजर आये हैं, जिसमें उन्होंने अपनी खास छाप नहीं छोड़ी है। करुण नायर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गये पहले मैच में राजस्थान के लिये अपना डेब्यू किया था और 3 रन के स्कोर पर खेलते हुए आउट हो गये थे, तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला था। कोलकाता के खिलाफ सोमवार को खेले गये दूसरे मैच में जब वो दोबारा खेलने उतरे तो 13 गेंदों में एक चौके की मदद से सिर्फ 13 रन ही बना सके।












Click it and Unblock the Notifications