ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली टॉप-5 टीमें, जिंबाब्वे पहुंचा दूसरे नंबर पर
World Cup Qualifier 2023: जिंबाब्वे क्रिकेट टीम (Zimbabwe cricket team) ने वनडे इंटरनेशनल (One Day International) में ऐतिहासिक कारनामा करते हुए अपने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। यह जीत इतनी बड़ी है कि वनडे के इतिहास की भी सबसे बड़ी जीतों में एक है।
सच यह है कि आईसीसी के क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 मुकाबले में जिंबाब्वे ने वनडे क्रिकेट के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। जिंबाब्वे ने यूएसए को 304 रनों के भारी-भरकम अंतर से हरा दिया है।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में हुआ यह मुकाबला पूरी तरह से अफ्रीकी टीम के नाम रहा, जहां मेजबानों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सीन विलियमसन की 174 रनों की तूफानी पारी के दम पर 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 408 रन बनाए, जिसके जवाब में संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम 25.1 ओवर में 104 रन बनाकर ही ढेर हो गई।
304 रनों की जीत के साथ पूरे वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत के मामले में जिम्बाब्वे ने अपने आपको दूसरे स्थान पर ला दिया है। ये केवल दूसरी टीम है जिसने इस फॉर्मेट में 300 या उससे ज्यादा की जीत दर्ज की है। नंबर एक पर भारतीय टीम है जिन्होंने 2023 में ही तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका की टीम को 317 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम आती है, जिन्होंने 2008 में आयरलैंड की टीम को हराया था। 2015 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भी अफगानिस्तान को पर्थ की उछाल भरी पिच पर 275 रनों से हार का मजा चखाया था। 2010 में साउथ अफ्रीका की टीम ने जिम्बाब्वे को ही 272 रनों से मात देकर वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी चीजों के मामले में पांचवा स्थान प्राप्त किया हुआ है।
वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीते और टीमें इस प्रकार हैं-
- 317 - भारत बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम, 2023
- 304 - ज़िम बनाम यूएसए, हरारे, 2023
- 290 - न्यूजीलैंड बनाम आईआरई, एबरडीन, 2008
- 275 - ऑस्ट्रेलिया बनाम एएफजी, पर्थ, 2015
- 272 - एसए बनाम ज़िम, बेनोनी, 2010












Click it and Unblock the Notifications