धमाकेदार जीत के बाद भी टीम इंडिया ने नहीं मनाया दीवाली का जश्न, द्रविड़-रोहित ने ऐसा क्या कह दिया
T20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान पर 23 अक्टूबर को एक धमाकेदार जीत दर्ज की। यह इन दोनों के बीच खेले गए मुकाबलों में एक जबरदस्त मैच था जिसमें करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों ने अपनी सांस थाम कर नतीजे का इंतजार किया। इतनी बड़ी जीत के बाद टीम इंडिया ने 1 दिन पहले ही दिवाली सेलिब्रेट कर ली और भारत वासियों को इतना बड़ा दिवाली गिफ्ट भी दे दिया। जीत के बाद माना जा रहा था कि रोहित शर्मा एंड कंपनी एक बड़े पैमाने पर दिवाली का जश्न मनाएंगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

टीम इंडिया सिडनी में
दरअसल रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ जैसे टीम मैनेजमेंट के सदस्यों ने पहले ही अपने खिलाड़ियों में यह मैसेज भेज दिया था कि वे पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत को बहुत बड़े लेवल पर सेलिब्रेट नहीं करेंगे। वरना इससे पहले यह माना जा रहा था कि टीम इंडिया ने दिवाली पार्टी के लिए एक बड़ी प्लानिंग कर रखी है और पाकिस्तान की जीत के बाद तो माना जा रहा था कि खिलाड़ियों की पत्नी और बच्चे भी इस पार्टी में शामिल होने वाले हैं लेकिन इसके बजाय सभी लोग सिडनी पहुंचने के बाद अपने अपने परिवारों के साथ डिनर करने चले गए। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों का यह मैसेज क्लियर था कि हमें इस जीत में बहना नहीं है बल्कि बड़े लक्ष्य की ओर फोकस बनाए रखना है।

खिलाड़ियों ने नहीं किया कोई दीवाली सेलिब्रेशन
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मैच के बाद हुई मीटिंग में खिलाड़ी इस मैसेज को पा चुके थे कि उनको अपने बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखना है, लॉन्ग टर्म गोल क्या है। यह टीम के लिए अच्छी शुरुआत है और टीम को यहीं से एक बड़ी इमारत भी खड़ी करनी होगी। अभी प्रतियोगिता समाप्त नहीं हुई है तो जमीन पर पांव टिकने जरूरी है।
सिडनी में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी टीम के लिए ग्रांड दिवाली डिनर का आयोजन किया था। यहां तक कि सिडनी में भी दिवाली को लेकर भव्य सजावट की गई थी क्योंकि आइकोनिक सिडनी ओपेरा हाउस में लाइट देखने लायक थी। लेकिन सीनियर खिलाड़ियों की सलाह मानकर टीम के बाकी सदस्यों ने बड़ी पार्टी से दूरी बनाए रखी और सिडनी पहुंचने के बाद सब अपने में ही रहे।

अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ
खिलाड़ियों को बड़ी जीत के बाद ढेरों मैसेज आ रहे थे। खिलाड़ियों ने जीत के बाद कोई केक कटिंग भी नहीं की बल्कि वे सीधे अपने होटल कमरों में चले गए। कोहली और हार्दिक पांड्या को मीडिया से बात करनी थी इसलिए वे दोनों सबसे लास्ट में कमरे में पहुंचे।
भारतीय टीम अब सिडनी में पहुंच चुकी है जहां पर उनका अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ गुरुवार को होना है। ये टीम इंडिया के लिए एक ऑफ डे था तो कुछ खिलाड़ियों ने जिम में समय बिताया और कुछ अपने परिवार के साथ डिनर करने चले गए। अधिकतर खिलाड़ियों ने अपने हिसाब से खुद दिवाली को सेलिब्रेट किया।












Click it and Unblock the Notifications