T20 World Cup 2026: अब शुरू होगा असली वर्ल्ड कप, सुपर-8 की टीमें तैयार, सेमीफाइनल के लिए छिड़ेगी जंग
T20 World Cup 2026 Super 8 Schedule: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। ग्रुप स्टेज के कड़े मुकाबलों के बाद अब 20 में से सिर्फ 8 टीमें खिताब की रेस में बची हैं। ग्रुप-A से भारत और पाकिस्तान ग्रुप-B से श्रीलंका और जिम्बाब्वे, ग्रुप-C से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड, जबकि ग्रुप-D से दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में अपनी जगह सुरक्षित की है।
इन टीमों के बीच होगा मुकाबला (T20 World Cup 2026 Super 8 Schedule)
क्वालीफाई करने वाली आठ टीमों को दो अलग-अलग ग्रुपों (ग्रुप 1 और ग्रुप 2) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें रखी गई हैं। ग्रुप 1 के अंदर भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें है। जबकि ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं। नियमों के अनुसार, हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी तीनों टीमों के साथ एक-एक मुकाबला (राउंड रॉबिन आधार पर) खेलना होगा।

कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?
इन मैचों के समापन के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी भिड़ंत 8 मार्च को होगी। भारतीय टीम ग्रुप-1 में है और उसे सेमीफाइनल की राह तय करने के लिए दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज जैसी टीमों की चुनौती से पार पाना होगा। भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा।
भारत को रहना होगा सावधान
इसके बाद टीम इंडिया 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे और 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से टकराएगी। सुपर-8 चरण में नेट रन रेट (NRR) की भूमिका बेहद अहम होने वाली है। चूंकि प्रत्येक ग्रुप में केवल तीन मैच मिलने हैं, ऐसे में एक हार भी सेमीफाइनल की राह कठिन बना सकती है। भारतीय टीम के लिए अच्छी बात यह है कि वह ग्रुप स्टेज में अजेय रही है, लेकिन अभिषेक शर्मा की फॉर्म और स्पिन के खिलाफ मध्यक्रम का संघर्ष ऐसी चुनौतियां हैं जिन पर कप्तान सूर्यकुमार यादव को तुरंत ध्यान देना होगा।
सुपर-8 का ऐसा रहेगा शेड्यूल
21 फरवरी: न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान, कोलंबो (शाम 7 बजे)
22 फरवरी: इंग्लैंड बनाम श्रीलंका, कैंडी (दोपहर 3 बजे) | भारत बनाम द. अफ्रीका, अहमदाबाद (शाम 7 बजे)
23 फरवरी: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज, मुंबई (शाम 7 बजे)
24 फरवरी: इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, कैंडी (शाम 7 बजे)
26 फरवरी: वेस्टइंडीज बनाम द. अफ्रीका, अहमदाबाद (दोपहर 3 बजे) | भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई (शाम 7 बजे)
28 फरवरी: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, कैंडी (शाम 7 बजे)
1 मार्च: जिम्बाब्वे बनाम द. अफ्रीका, दिल्ली (दोपहर 3 बजे) | भारत बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता (शाम 7 बजे)












Click it and Unblock the Notifications