'जब कोई साथ नहीं था, तब सिर्फ उसने फोन किया', कोच गौतम गंभीर मुश्किल वक्त के साथी का किया खुलासा
T20 World Cup 2026 Gautam Gambhir: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी जीत के बाद काफी इमोशनल नज़र आए। मैदान पर अपने सख्त मिजाज के लिए जाने जाने वाले गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल खोलकर बात की और उन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जो उनके सबसे मुश्किल दौर में उनके साथ खड़े रहे।
गौतम गंभीर ने की द्रविड़ और लक्ष्मण की तारीफ (T20 World Cup 2026 Gautam Gambhir)
गौतम गंभीर अब इतिहास के पहले ऐसे शख्स बन गए हैं, जिन्होंने बतौर खिलाड़ी (2007) और बतौर मुख्य कोच (2026) टी20 वर्ल्ड कप जीता है। गौतम गंभीर ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय खुद लेने के बजाय अपने पूर्व दिग्गजों को दिया। उन्होंने कहा कि मैं इस ट्रॉफी को सबसे पहले राहुल द्रविड़ भाई और फिर वीवीएस लक्ष्मण भाई को समर्पित करना चाहता हूं। राहुल भाई ने भारतीय क्रिकेट को जिस मज़बूत स्थिति में छोड़ा है, वह अविश्वसनीय है। वहीं, लक्ष्मण भाई ने पर्दे के पीछे से 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) के जरिए भारतीय क्रिकेट की पाइपलाइन को मज़बूत करने के लिए निस्वार्थ काम किया है।

मुश्किल वक्त में जय शाह का साथ
गंभीर ने अपने कोचिंग कार्यकाल के सबसे निचले स्तर का ज़िक्र करते हुए एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब भारत को घर में न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में करारी हार (व्हाइटवॉश) का सामना करना पड़ा था, तब वे भारी दबाव में थे। गंभीर ने कहा कि जब मैं अपने कार्यकाल के सबसे खराब दौर से गुजर रहा था, तब बहुत कम लोगों ने मुझे फोन किया। जय शाह इकलौते ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने मुझे फोन कर हिम्मत बढ़ाई। उन्होंने मुझ पर तब भरोसा किया जब मेरे पास किसी फ्रेंचाइजी या टीम को कोच करने का अनुभव नहीं था। उनके जैसे लोगों के हाथों में भारतीय क्रिकेट सुरक्षित है।
अजीत अगरकर की तारीफ
कोच ने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अगरकर को अक्सर बिना वजह आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है, जबकि वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ टीम के चयन पर काम करते हैं। गंभीर ने इस जीत को पूरी टीम और सिस्टम की सामूहिक सफलता बताया।












Click it and Unblock the Notifications