क्रिकेट जगत में पसरा मातम, दिग्गज खिलाड़ी की मां का हुआ निधन, टी-20 वर्ल्ड कप खेलने का सपना भी टूटा
T20 World Cup 2026, Mahedi Hasan News: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी महेदी हसन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। क्रिकेटर की मां मुमताज बेगम का उनके गृहनगर खुलना में निधन हो गया है। इस कठिन समय में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और टीम के साथियों ने महेदी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
BCB और कप्तान शांतो ने जताया दुख (T20 World Cup 2026, Mahedi Hasan News)
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर मुमताज बेगम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बोर्ड ने कहा कि वे इस अपूरणीय क्षति से 'मर्माहत' हैं और महेदी हसन व उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भी टीम की ओर से संवेदना जताई है। शहीद चंदू स्टेडियम में पत्रकारों से बात करते हुए शांतो ने कहा कि हमें यह दुखद समाचार सुबह मिला। यह पूरी टीम के लिए स्तब्ध करने वाली खबर है। अभी मेरी महेदी से बात नहीं हो पाई है, लेकिन टीम प्रबंधन उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। हमारी प्रार्थनाएं उनकी माता और परिवार के साथ हैं।

कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कही ये बात
शांतो ने इस दौरान आपातकालीन स्थितियों में बेहतर यात्रा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर भी जोर दिया। ताकि खिलाड़ी मुश्किल समय में जल्द घर पहुंच सकें। महेदी हसन के लिए यह व्यक्तिगत क्षति ऐसे समय में आई है जब बांग्लादेश क्रिकेट प्रशासनिक और राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहा है। गौरतलब है कि महेदी को टी20 विश्व कप 2026 की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन बांग्लादेश की टीम इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन सकी।
टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर है बांग्लादेश
सुरक्षा कारणों और भारत दौरे को लेकर BCB, ICC और BCCI के बीच उपजे गतिरोध के कारण बांग्लादेश इस विश्व कप से बाहर हो गया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब भारत में बढ़ते बांग्लादेश विरोधी प्रदर्शनों के बीच BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL से वापस बुलाने का सुझाव दिया। जवाब में BCB ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया। अंततः ICC ने हस्तक्षेप किया और गतिरोध न टूटने पर बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।












Click it and Unblock the Notifications