T20 WC 2022: Ind Vs Ban : 'प्रेशर झेल नहीं पाया इसलिए खुद को किया Toilet में बंद', शास्त्री ने क्यों कहा ऐसा?
India Vs Bangladesh: टी20 वर्ल्ड कप 2022 में आज एडिलेड के मैदान पर टीम इंडिया और बांग्लादेश की टीम आमने -सामने हैं। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यहां पर जीत जरूरी है, आज टीम इंडिया में अक्षर पटेल की वापसी हुई है। फिलहाल दोनों ही टीमों के बीच मुकाबला चल रहा है लेकिन इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच और वर्तमान में कॉमेंटेटर रवि शास्री ने कुछ ऐसा कहा, जो कि इस वक्त सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

दरअसल आज के मुकाबले के ठीक पहले शास्त्री ने स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए साल 2016 टी-20 वर्ल्ड कप के भारत बनाम बांग्लादेश मुकाबले का किस्सा सुनाया और कहा कि 'उस सांस रोक देने वाले खेल में तो मैं अंतिम ओवर देखने की हिम्मत ही नहीं कर पाया था और इसलिए खुद को Toilet में बंद कर लिया था। जैसे ही मैंने देखा कि आखिरी ओवर में धोनी ने पांड्या को गेंद पकड़ाई है तो मैं सीधे बाथरूम में चला गया क्योंकि मेरे अंदर वो प्रेशर झेलने की हिम्मत नहीं थी।'

दरअसल जिस मैच का जिक्र शास्त्री यहां कर रहे हैं, वो धोनी की स्टंपिंग और फैसले के लिए हमेशा याद किया जाएगा। दरअसल बेंगलुरु में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बनाए थे, इंडिया की ओर से सुरेश रैना ( 30) और विराट कोहली (24) को छोड़कर कोई नहीं चला था। भारत के दिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ने 6 विकेट गंवाकर 19वें ओवर तक 136 रन बना लिए थे, हर किसी को लग रहा था कि भारत ये मैच हार जाएगा।

लेकिन जब बांग्लादेश को अंतिम ओवर में मात्र 11 रन की जरूरत थी, तब धोनी ने हार्दिक पांड्या को गेंद पकड़ाकर हर किसी को चौंका दिया था। उस वक्त टीवी पर बैठे दिग्गज भी धोनी के इस फैसले पर हैरान रह गए थे। शास्त्री उसी ओवर की बात कर रहे थे। क्रीज पर बांग्लादेश की ओर से महमूदुल्लाह और मुश्फिकुर थे। पांड्या ने पहली गेंद जैसे फेंकी, वैसे ही महमूदुल्लाह ने एक रन लिया और दूसरी -तीसरी गेंद पर मुश्फिकुर ने बैक टू बैक चौके जड़कर लगभग मैच बांग्लादेश के पक्ष में कर लिया था।

अब मात्र तीन गेंद में बांग्लादेश को दो रन चाहिए थे लेकिन पंड्या ने चौथी गेंद पर मुश्फिकुर को आउट कर दिया और फिर मैच की गणित बदल गई और पांचवी गेंद पर पांड्या ने महमूदुल्लाह को भी पवेलियन भेज दिया और अब बची थी लास्ट गेंद, जिस पर बांग्लादेश के खिलाड़ी ने बड़ा शॉट खेलकर रन लेने की कोशिश की लेकिन धोनी की बाज वाली आंखों और चीते जैसी फुर्ति से कहां कोई बच पाता, धोनी ने मुस्तफिजुर को रन आउट कर दिया औऱ एक रन से भारत को जीत दिला दी थी। ये मैच आज भी लोगों के जेहन में जिंदा है और जब भी इसका जिक्र होता है तो लोगों के रोंगटें खड़े हो जाते हैं।
यहां देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला वो आखिर ओवर












Click it and Unblock the Notifications