T20 World Cup 2022 Final: इंग्लैंड-पाक मैच के बीच मीडिया में छाई 13 साल की भारतीय मूल की जानकी ईश्वर, क्यों?
T20 World Cup 2022 Final (जानकी ईश्वर): टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में आज इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। आज विश्वविजेता कौन बनेगा? इस बात का फैसला तो कुछ घंटों में ही तय हो जाएगा लेकिन इस मैच के बीच में एक भारतीय की जबरदस्त चर्चा हो रही है, हालांकि भारतीय टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड से बुरी तरह से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई लेकिन इसके बावजूद एक इंडियन इस वक्त ऑस्ट्रेलिया की मीडिया में छाया हुआ है और उनका नाम है गायिका जानकी ईश्वर, जिनकी उम्र मात्र 13 साल है, जानकी अपनी आवाज का जादू टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद क्लोजिंग सेरेमनी में बिखेरेंगी।

जानकी अपनी करिश्माई आवाज की वजह से इस वक्त मेलबर्न समेत पूरे ऑस्ट्रेलिया में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जानकी का जन्म तो ऑस्ट्रेलिया में ही हुआ है लेकिन उनके मम्मी-पापा केरल के कोझीकोड के रहने वाले हैं इसलिए जानकी यहां के कल्चर और परंपराओं से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। जानकी की मां का नाम दिव्या रवींद्रन और पिता का नाम अनूप दिवाकरन है।

जानकी पांच साल की उम्र से संगीत सीख रही हैं। उनके मम्मी-पापा ने उन्हें कर्नाटक संगीत की ही शिक्षा सबसे पहले दी थी लेकिन जानकी जैसे-जैसे बड़ी होती गईं उनका रूझान पॉप संगीत की ओर हो गया और वो धीरे-धीरे इसमें पारंगत हो गई है और आज वो संगीत की इस विधा का ग्लैमरस और लोकप्रिय चेहरा बन गई हैं। उन्हें मु्ख्य रूप से लोकप्रियता हासिल हुई 'द वॉयस ऑस्ट्रेलिया' शो से और इसके बाद उनके गीत "लवली" ने पूरी दुनिया में धूम मचा दी। (सारी तस्वीरें जानकी ईश्वर के फेसबुक अकाउंट से ली गई हैं)

जानकी 'वी कैन गेट टुगेदर' गाने पर आज शो में प्रस्तुति देंगी, जिसमें उनका साथ देंगे जिम्बाब्वे के सिंगर 'थांडे सिकविला', अपने शो के बारे में बेहद एक्साइटेड जानकी ने ऑस्ट्रेलियाई चैनल से बात करते हुए कहा कि 'वो अपने इस कार्यक्रम को लेकर काफी खुश और उत्साहित हैं। इतने बड़े क्राउड के सामने लाइव प्रस्तुति देना अपने आप में काफी बड़ी बात है। मेरे मम्मी-पापा को क्रिकेट में काफी रूचि हैं और उन्हीं की वजह से मैं इतने बड़े इवेंट का हिस्सा बनने जा रही हूं। मेरी जड़े तो भारत से ही जुड़ी हुई हैं, अच्छा होता कि आज फाइनल मुकाबले में भारत भी होता, खैर ये तो खेल है, जिसमें हार-जीत लगी रहती है। फिलहाल मैं अपनी आवाज को मिल रहे रिस्पांस को लेकर बहुत ज्यादा खुश हूं।'

मालूम हो कि आज की क्लोजिंग सेरेमनी में विजेता टीम को ट्रॉफी और इनामी राशि प्रदान की जाएगी और साथ ही उपविजेता को भी धनराशि दी जाएगी। टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले को करीब 13 करोड़ रुपये मिलेंगे तो वहीं जो फाइनल में मैच हारेगा यानी कि रनरअप टीम को 6.44 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications