'T20 में ऑफ स्पिनर को सब मारते हैं', जब धोनी से सलाह मांगने पहुंचे युवा बॉलर सलमान खान तो मिला जवाब
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में 4 बार खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को पिछले कुछ सीजन में सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों के साथ खेलने और खिताब जीतने की वजह से डैडी आर्मी के नाम से पुकारा गया है, हालांकि इसके बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने खेमे में युवा खिलाड़ियों को बनाने और निखारने के लिये मशहूर है। बहुत सारे युवा खिलाड़ी जो अपनी प्रतिभा को निखारना चाहते हैं वो सीएसके की टीम को अपने लिये सबसे बेहतरीन जगह मानते हैं।

सीएसके की टीम अपने खेमे में युवाओं को निखारने के लिये एकदम शुरू से शुरुआत करती है, जिसमें वो इन प्लेयर्स को फर्श से उठाकर अर्श तक पहुंचाने का काम करते हैं। पिछले कई सालों से इस प्रक्रिया का मुख्य केंद्र टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रहे हैं और इस बार सीएसके के इस टैलेंट पूल से जिस युवा ऑफ स्पिनर का नाम जुड़ा है वो है मुंबई के सलमान खान।

ग्राउंडसमैन के बेटे हैं सलमान खान, बेहद खास रहा है अब तक का सफर
सलमान खान के पिता एक ग्राउंडसमैन हैं जो इस समय चेन्नई सुपरकिंग्स के खेमे में बतौर नेट बॉलर जुड़े हुए हैं। मुंबई के क्रॉस मैदान पर एक छोटे से टेंट में रहकर अभ्यास करने वाले सलमान खान का सीएसके के नेट सेशन तक पहुंचने का सफर बेहद खास रहा है।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए सलमान खान ने कहा,'एक दिन मुझे चेन्नई सुपर किंग्स के अधिकारियों की तरफ से कॉल आया जिसमें उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं इस सीजन उनके लिये बतौर नेट बॉलर जुड़ सकता हूं या नहीं। बाद में मुझे पता चला कि मेरा नाम (मुंबई के खिलाड़ी) तुषार पांडे की तरफ से सुझाया गया था। मैं इस बात को सुनकर काफी उत्साहित था क्योंकि मुझे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला था नहीं तो मैं इस समय क्लब क्रिकेट खेल रहा होता।'

नेट बॉलर्स को टीम में शामिल करती है सीएसके
सीएसके के युवा खिलाड़ियों को अपनी टीम में जोड़ने के ट्रेंड पर बात करें तो यह फ्रैंचाइजी अपने नेट बॉलर्स को अक्सर मुख्य टीम का हिस्सा बनाती है। पिछले सीजन सीएसके के साथ नेट बॉलर के रूप में जुड़े मुकेश चौधरी और प्रशांत को इस साल मेगा नीलामी में अपने खेमे से जोड़ा गया, ऐसे में सलमान खान के पास भी मौका है कि वो एमएस धोनी और कप्तान रविंद्र जडेजा को प्रभावित कर टीम में जगह बना सकते हैं।

जब धोनी से मांगी सलाह तो क्या बोले माही
इस बीच सलमान खान ने धोनी के साथ हुई संक्षेप बातचीत का खुलासा किया जिसमें इस दिग्गज खिलाड़ी ने उन्हें गेंद फेंकने से पहले थोड़ा सोचने की सलाह दी। सलमान ने बताया कि धोनी ने उन्हें समझाया कि टी20 प्रारूप में बल्लेबाज अक्सर ऑफ स्पिनर को मारने के लिये जाता है।
उन्होंने कहा,'मैंने माही भाई और जडेजा के साथ बात की। मैं उनसे सीखना चाहता हूं और इन दो महीनों ने मेरी जिंदगी बदल दी है। मैंने माही भाई से अपनी गेंदबाजी को लेकर पूछा था, जिस पर उन्होंने कहा कि सलमान ऑफ स्पिनर को टी20 में सब मारने को ही देखते हैं, तो थोड़ा दिमाग से डालने का, ज्यादा सोचने का। उन्होंने कहा है कि वो मुझसे कुछ मैचों के बाद फिर से बात करेंगे। फ्रैंचाइजी नेट बॉलर्स को भी बाकी खिलाड़ियों की तरह ही रख रही है और हमें भी वही एहसास दिया जा रहा है जो बाकी सब को मिल रहा है। यहां का माहौल बेहद शानदार है।'












Click it and Unblock the Notifications