IPL के 100वें मैच में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने केएल राहुल, ब्राबोर्न में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 26वां मैच ब्रॉबोर्न के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर पहली जीत की तलाश कर रही मुंबई इंडियंस का मुकाबला लखनऊ सुपरजाएंटस से हो रहा है। पहले मैच में 5 हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया हालांकि लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने अपनी दमदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई की गेंदबाजी को ढेर कर दिया और निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है।

मुंबई इंडियंस की टीम को इस मैच में जीत के लिये 200 रनों की दरकार है, जिसे हासिल करने के लिये रोहित शर्मा की टीम को एक स्पेशल पारी खेलनी होगी। हालांकि आईपीएल में अपना 100वां मैच खेल रहे कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में नाबाद 103 रनों की पारी खेलकर इसे अपने लिये बेहद खास बना दिया और रिकॉर्डस की झड़ी लगा दी है।

100वें मैच में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने केएल राहुल
कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में 60 गेंदों का सामना किया और अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक जड़ दिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ केएल राहुल के लिये यह पिछली 10 पारियों में खेली गई 7वीं 50 से ज्यादा रनों की पारी है, जो दर्शाती है कि इस टीम के खिलाफ उन्हें रन बनाना कितना पसंद है। केएल राहुल ने इस मैच में उतरते ही आईपीएल में मैचों का शतक पूरा कर लिया लेकिन 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 103 रनों की पारी खेलकर इसे बेहद खास बना दिया। अपनी इस पारी के साथ ही केएल राहुल ने आईपीएल के इतिहास में 100वें मैच में खेलते हुए शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

100वें मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बने राहुल
इसके साथ ही केएल राहुल आईपीएल के 100वें मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं और इस मामले में उन्होंने फाफ डुप्लेसिस का रिकॉर्ड तोड़ा है। डुप्लेसिस ने आईपीएल के इतिहास में अपना 100वां 2021 में सीएसके की ओर से केकेआर के खिलाफ खेला था जिसमें उन्होंने 86 रनों की पारी खेली थी। वहीं पर डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से आरसीबी के खिलाफ साल 2016 में अपना 100वां मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 69 रनों की पारी खेली थी। वहीं मुरली विजय ने भी 2016 में अपना 100वां आईपीएल मैच खेला था और राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस के खिलाफ 59 रनों की पारी खेली थी।

इस खास लिस्ट में भी शामिल हुए केएल राहुल
वहीं केएल राहुल ने अपनी इस शतकीय पारी के साथ ही अपना नाम उन खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल कर लिया है जिन्होंने आईपीएल की एक ही टीम के खिलाफ 2 बार शतक लगाने का कारनामा किया है। इस फेहरिस्त में क्रिस गेल का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 2 शतक लगाये थे तो वहीं पर विराट कोहली ने गुजरात लॉयन्स के खिलाफ 2 शतक जड़ने का कारनामा किया था। जहां डेविड वॉर्नर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2 बार शतकीय पारी खेली थी तो वहीं पर केएल राहुल ने मुंबई के खिलाफ 2 शतक लगाये हैं।

कप्तानी का खास रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
आपको बता दें कि केएल राहुल आईपीएल के इतिहास में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे कप्तान बन गये हैं। इस फेहरिस्त में विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने बतौर कप्तान 5 शतक जड़े हैं तो वहीं पर केएल राहुल ने बतौर कप्तान अपना दूसरा शतक लगाया है। 100 मैच के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भी केएल राहुल ने क्रिस गेल के बाद दूसरा नाम शामिल सिंह हैं।












Click it and Unblock the Notifications