Cricket in Olympics: क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज, ओलंपिक में टी-20 की एंट्री, IOC ने दी मंजूरी
T20 Cricket at 2028 Los Angeles Olympics: क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज है, क्योंकि एक लंबे इंतजार के बाद लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 गेम्स में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। टी20 फॉर्मेट को आधिकारिक तौर पर लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के इवेंट में शामिल किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने सोमवार को एलए गेम्स के लिए रोस्टर में पुरुषों और महिलाओं के टूर्नामेंट के साथ-साथ चार अन्य को शामिल करने के लिए मतदान किया।
ओलंपिक गेम्स में टी-20 क्रिकेट शामिल
दरअसल, क्रिकेट को सोमवार को आधिकारिक तौर पर 2028 लॉस एंजिल्स के कार्यक्रम में शामिल किया गया। क्रिकेट के अलावा अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा अपने 141वें सेशन के दौरान अन्य खेलों में स्क्वैश, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, लैक्रोस और फ्लैग फुटबॉल को शामिल किया गया है। पांच नए खेलों को शामिल करने के प्रस्ताव को आईओसी सेशन द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।

आईओसी ने मुंबई में अपने सेशन में 2028 लॉस एंजिल्स खेलों में क्रिकेट को शामिल करने को मंजूरी दे दी। 16 अक्टूबर को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी औपचारिक मंजूरी दी है।
आईओसी नियमों के तहत प्रत्येक मेजबान शहर, खेलों के अपने संस्करण के लिए कई खेलों को शामिल करने का अनुरोध कर सकता है। पांच खेलों को पिछले हफ्ते ही शक्तिशाली आईओसी कार्यकारी बोर्ड से मंजूरी दे दी गई थी, सोमवार के सेशन में इसकी सिफारिश को मंजूरी दे दी गई।
क्रिकेट के भारत में बड़े पैमाने पर फैंस हैं और वर्ल्ड लेवल पर इसके फैंस तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच एक सदी से भी अधिक समय के बाद क्रिकेट का ओलंपिक में लौटना फैंस और खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। क्रिकेट इससे पहले 1900 के ओलंपिक में दिखाई दिया था।
आईओसी सदस्य नीता अंबानी ने कहा कि, 'लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए खेल कार्यक्रम में क्रिकेट को शामिल करना एक स्वागत योग्य कदम है, उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं बल्कि सभी साउथ एशियन कंट्री के लिए एक बड़ा दिन है।'
आईओसी को उम्मीद है कि क्रिकेट के शामिल होने से बड़े पैमाने पर नए ओलंपिक दर्शक सक्रिय होंगे और इसमें शामिल होंगे, खासकर खेल के एशियाई प्रशंसक।












Click it and Unblock the Notifications