AFG Vs ENG: अफगानिस्तान की जीत के बाद मुजीब के गले लगकर रोने लगा नन्हा फैन, भावुक कर देगा ये Video
World Cup 2023, England vs Afghanistan Highlights: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के 13वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड की ये दूसरी हार है, जबकि अफगानिस्तान की यह पहली जीत है। अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के बाद कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया।
दरअसल, मिस्ट्री स्पिनर मुजीब उर रहमान ने रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। मुजीब के तीन विकेटों की मदद से अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रन से हरा दिया। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत मुजीब को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।

मैच के बाद मुजीब के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटा सा फैन उनसे मिलकर भावुक हो गया और रोने लगा। इस दौरान मुजीब अपने फैन को सांत्वना देते नजर आ रहे हैं। साथ ही उसे गिफ्ट में एक चॉकलेट देते हैं। उनका ये क्लिप अब सोशल मीडिया पर फैंस के बीच काफी पसंद किया जा रहा है।
मुजीब ने मैच के बाद कहा कि, 'यहां विश्व कप में आना और चैंपियंस को हराना बहुत गर्व का पल है। यह पूरी टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, हमने इस दिन के लिए कड़ी मेहनत की है। हमने इतनी बड़ी टीम को हराया। यह गेंदबाजों और बल्लेबाजों का अद्भुत प्रदर्शन था। एक स्पिनर के रूप में पावरप्ले में गेंदबाजी करना काफी कठिन है, तब जब आपके पास बाहर केवल दो फील्डर हैं।'
मुजीब ने आगे कहा कि, 'यह जीत उन लोगों के लिए है जो भूकंप से प्रभावित हुए हैं। एक खिलाड़ी और एक टीम के रूप में, मैं अपना पुरस्कार उन्हें समर्पित करना चाहता हूं।' 'विश्व कप में पिछले चैंपियन को हराकर यहां आना बहुत गर्व का क्षण है, यह पूरे देश और टीम के लिए एक अच्छा क्षण है। गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।'












Click it and Unblock the Notifications